Site icon Dainik Savera Times

मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में न बरती जाए कोई लापरवाही : सिविल सर्जन

नवांशहर : सिविल सर्जन डा. गीतांजलि सिंह ने जिला अस्पताल नवांशहर का औचक दौरा कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल के प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डा. हरप्रीत सिंह तथा जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. अजय बसरा भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने अस्पताल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए ओपीडी, आईपीडी, आपातकालीन सेवाओं, मरीजों के पंजीकरण, विभिन्न वार्डों में मरीजों की देखभाल तथा दवाइयों की उपलब्धता का जायजा लिया।

इसके अलावा जीवन रक्षक चिकित्सा उपकरणों, प्रयोगशाला एवं जांच सुविधाओं, एक्स-रे, लेबर रूम, मातृत्व सेवाओं और ऑपरेशन थिएटर के प्रबंधों की भी जांच की। उन्होंने अस्पताल में ऑक्सीजन की आपूर्ति, एंबुलेंस सेवा, साफ-सफाई, पीने के स्वच्छ पानी, जैव चिकित्सा कचरे के उचित निपटान तथा चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता का निरीक्षण किया। मरीजों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर और स्ट्रेचर की उपलब्धता भी जांची। इस दौरान उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में प्रतिक्रिया भी प्राप्त की।

डा. गीतांजलि सिंह ने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल के प्रबंधों को और मजबूत बनाया जाए, ताकि लोगों को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि जिले की सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में मरीजों को सुचारू, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए दवाइयों की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता, साफ-सफाई, मरीजों की उचित देखभाल और आपातकालीन सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. अजय बसरा को निर्देश दिए कि अपने अधीन आने वाली स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रबंधों की नियमित समीक्षा करें तथा जहां भी सुधार की आवश्यकता हो, वहां तुरंत उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सिविल सर्जन ने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज सम्मान और संवेदनशील व्यवहार का हकदार है। स्वास्थ्य कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी, लगन और समय की पाबंदी के साथ निभानी चाहिए।

मरीजों को उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यक्षमता में लगातार सुधार करना जरूरी है।

Exit mobile version