Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब पुलिस की रहेगी नजर, एडवांस सर्विलांस सिस्टम की रेंज में आते ही कंट्रोल रूम में बजेगा ‘अलार्म’

May 13, 2025

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब पुलिस की रहेगी नजर, एडवांस सर्विलांस सिस्टम की रेंज में आते ही कंट्रोल रूम में बजेगा ‘अलार्म’

Traffic : चोरी व संदिग्ध वाहनों को पकड़ने से लेकर यातायात नियमों का उल्लंघर करने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखने के लिए लुधियाना शहर में छह जगह पर एडवांस सर्विलांस सिस्टम लगाया जा रहा है। जैसे ही कोई भी संदिग्ध वाहन या यातायात नियमों को तोड़ने वाला वाहन सर्विलांस सिस्टम की रेंज में आया तो कंट्रोल रूम में अलार्म बज जाएगा और वहां से तुरंत सूचना संबंधित थाने को चले जाएगी। पंजाब सरकार के गृह विभाग की तरफ से चोरी के वाहनों, संदिग्ध वाहनों व यातायात नियमों को तोड़ने वालों को पकड़ने के लिए यह सिस्टम पुलिस के लिए बेहद मददगार होगा। लुधियाना में छह जगहों पर एडवांस सर्विलांस सिस्टम इंस्टॉल करने के लिए गृह विभाग ने टैंडर प्रक्रिया शुरू कर दी और मई अंत तक यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

एडवांस सर्विलांस सिस्टम शहर की छह अलग-अलग सड़कों पर लगाए जाएंगे। टैंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंट्रैक्ट हासिल करने वाली कंपनी इस सिस्टम को सैटअप करेगी। एडवांस सर्विलांस सिस्टम में सीसीटीवी कैमरे, कलर डिटैक्शन सिस्टम, इमेज सैंसर सिस्टम, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) भी लगाया जाएगा। इसमें एएनपीआर सिस्टम होगा जोकि वाहनों पर विशेष नजर रखेगा। एडवांस सर्विलांस सिस्टम को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। चोरी व वारदात में दर्ज वाहनों का नंबर ऑनलाइन एफआईआर में दर्ज होते ही पुलिस के ऑनलाइन रिकार्ड में आ जाता है।

जैसे ही चोरी के वाहन और अन्य कोई भी संदिग्ध वाहन एडवांस सर्विलांस सिस्टम के दायरे में आएगा तो एएनपीआर उस वाहन की फोटो कैप्चर करेगा और कंट्रोल रूम में उस वाहन को पिन प्वाइंट करते हुए अलार्म (अलर्ट ) बजने लगेगा। कंट्रोल रूम से तुरंत इसकी सूचना संबंधित थाने को दे दी जाएगी और थाने की टीम उसी वक्त उस संदिग्ध वाहन को पकड़ सकती है। इस सिस्टम के तहत कंट्रोल रूम में रोजाना एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी और वह जितने भी संदिग्ध या चोरी के वाहनों को डिटैक्ट करेगा उसकी रिपोर्ट संबंधित थाने को भी दी जाएगी।

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी रहेगी नजर

एडवांस सर्विलांस सिस्टम के दायरे में अगर कोई वाहन चालक यातायात के नियमों की उल्लंघना करता है तो उसे भी यह सिस्टम खुद ही पकड़ लेगा। जैसे ही कोई दो पहिया वाहन चालक बिना हैलमेट, ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीड, मोबाइल पर बात करते हुए या अन्य किसी तरह का नियम तोड़ते हुए इसकी रेंज से निकलेगा उसकी फोटो क्लिक कर देगा और कंट्रोल रूम में उसका भी अलर्ट आ जाएगा। यह सिस्टम दो पहिया, तीन पहिया, हल्के व भारी वाहनों की अलग-अलग लिस्ट तैयार करेगा।

200 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से जा रहे वाहनों को भी कैप्चर करेगा सिस्टम

इस सिस्टम में उच्च श्रेणी के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जो कि 200 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से भागने वाले वाहनों को भी कैप्पचर कर सकेंगे। इसमें लगा सीसीटीवी कैमरा एक सैकेंड में वाहन के 10 फोटो खींच सकता है। एक स्पॉट पर आठ-आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं। ये कैमरे दिन रात पूरी क्षमता के साथ काम कर सकेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें