पंजाब डेस्क: बठिंडा में आयोजित ‘NRI मिलनी-2026’ में पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने सात जिलों से पहुंचे प्रवासी पंजाबियों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विदेशों में रहने वाले पंजाबियों की शिकायतों को सीधे सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से उनके समाधान की प्रक्रिया को तेज करना रहा।
इस दौरान श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, मोगा, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का और मानसा से बड़ी संख्या में प्रवासी पंजाबी पहुंचे। संबंधित जिलों के सिविल और पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
पारदर्शिता और समयबद्ध समाधान का भरोसा
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि प्रवासी पंजाबियों से जुड़े मामलों का निपटारा पारदर्शिता, मेरिट और तय समयसीमा के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेशों में बसे पंजाबियों की समस्याओं के प्रभावी और जल्द समाधान के लिए पंजाब सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि मिलनी के दौरान शिकायतों को संबंधित अधिकारियों के सामने रखा गया, ताकि जरूरी कार्रवाई में अनावश्यक देरी न हो।
प्रॉपर्टी विवाद और अवैध कब्जों की शिकायतें प्रमुख
मंत्री के अनुसार, प्रवासी पंजाबियों की ओर से सबसे ज्यादा शिकायतें प्रॉपर्टी विवाद, जमीनों पर अवैध कब्जे, दस्तावेजों में खामियों और वैवाहिक मामलों से जुड़ी सामने आती हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित मामलों और धीमी गति से चल रही सुनवाई वाले मामलों की वह स्वयं निगरानी कर रहे हैं। संबंधित अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा के जरिए ऐसे मामलों को जल्द निपटाने की कोशिश की जा रही है।
पंजाब की मिट्टी और विरासत से जुड़ा है NRI समुदाय
मीडिया से बातचीत में डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि विदेशों में रहने वाले पंजाबी अपनी मातृभूमि, संस्कृति और विरासत के साथ गहरा रिश्ता बनाए रखते हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी पंजाबियों ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पंजाब और भारत का नाम रोशन किया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार एनआरआई से जुड़े मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करने पर सरकार का जोर है।
प्रशासनिक अधिकारी और कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
कार्यक्रम में एनआरआई मामलों के सचिव मोहम्मद तैयब, एनआरआई सभा पंजाब के चेयरमैन एवं जालंधर के डिवीजनल कमिश्नर रामवीर, विशेष सचिव एनआरआई विभाग अमनदीप कौर, ब्रिटिश हाई कमीशन चंडीगढ़ से राजिंदर एस. नागरकोटी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा बठिंडा के डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान, फरीदकोट के डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा, विधायक भुच्चो मास्टर जगसीर सिंह और विभिन्न बोर्डों व संस्थाओं के चेयरमैन समेत अन्य प्रमुख लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
📍 Location: Bathinda

