अमृतसरः महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान चंडीगढ़ द्वारा श्री गुरु अर्जन देव सरकारी कॉलेज, तरनतारन में आयोजित सात दिवसीय युवा आपदा मित्र योजना प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन एनएसएस स्वयंसेवकों को खोज एवं बचाव तथा बेसिक लाइफ सपोर्ट विषयों पर विस्तृत व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण मगसीपा चंडीगढ़ की टीम अंकुर शर्मा (कोर्स कोऑर्डिनेटर, पंजाब), सचिन शर्मा (आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ), आयुष ठाकुर (आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ), जॉनसन (मास्टर ट्रेनर), कोमल (मास्टर ट्रेनर) एवं प्रेरणा (मास्टर ट्रेनर) द्वारा संचालित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को खोज एवं बचाव की अवधारणा से परिचित कराया गया तथा भवन ध्वस्त होने के विभिन्न स्वरूपों जैसे पैनकेक कोलैप्स, कैंटीलीवर कोलैप्स, लीन-टू कोलैप्स तथा वी-शेप कोलैप्स के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित तरीके से निकालने की उन्नत बचाव तकनीकों एवं रेस्क्यू टीम की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
व्यावहारिक सत्र में स्वयंसेवकों को आधुनिक खोज एवं बचाव विधियों का अभ्यास कराया गया, जिससे वे आपदा के दौरान पीड़ितों की प्रभावी खोज एवं सुरक्षित रेस्क्यू की प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझ सके। कार्यक्रम के दौरान बेसिक लाइफ सपोर्ट पर विशेष प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों को वयस्क एवं शिशु के लिए जीवनरक्षक प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न अभ्यासों एवं मॉक ड्रिल्स में सक्रिय सहभागिता निभाई। यह प्रशिक्षण युवाओं को आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव, प्राथमिक चिकित्सा तथा त्वरित आपातकालीन प्रतिक्रिया के क्षेत्र में दक्ष बनाते हुए उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक सेवा की भावना को सुदृढ़ कर रहा है।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)

