पराली जलाने से रोकने के लिए प्रशासन ने किसानों को किया जागरूक

Officials Urge Farmers to Stop Stubble Burning : मोगा। वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जिला प्रशासन व पुलिस ने पराली जलाने के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी के तहत डीएसपी जसविंदर सिंह और एसडीएम अमरीक सिंह ने गांव समालसर पहुंचकर किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक किया और आधुनिक कृषि मशीनों का इस्तेमाल करने की अपील की।
इसी कड़ी में सोमवार को बाघापुराना के डीएसपी जसविंदर सिंह और एसडीएम अमरीक सिंह ने गांव समालसर का संयुक्त दौरा कर किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने और पराली को आग न लगाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने गांव के खेतों में पहुंचकर किसानों तथा आम लोगों से सीधे बातचीत की। अधिकारियों ने किसानों को समझाया कि पराली जलाना केवल पर्यावरण के लिए ही नुकसानदायक नहीं है, बल्कि इससे मानव स्वास्थ्य, मिट्टी की उर्वरता और सड़क सुरक्षा पर भी गंभीर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से निकलने वाला जहरीला धुआं हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ाता है, जिससे सांस संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा पैदा होता है।
इसके अलावा खेतों में आग लगाने से मिट्टी के जरूरी पोषक तत्व और लाभकारी सूक्ष्म जीव भी नष्ट हो जाते हैं। अधिकारियों ने बताया कि पराली जलाने से वातावरण में फैलने वाले धुएं के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो जाती है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी होती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने किसानों को कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (सीएक्यूएम) तथा सुप्रीम कोर्ट की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और प्रतिबंधों के बारे में भी जानकारी दी। डीएसपी जसविंदर सिंह और एसडीएम अमरीक सिंह ने किसानों से अपील की कि वे पर्यावरण को स्वच्छ रखने में प्रशासन का सहयोग करें और पराली के प्रबंधन के लिए पंजाब सरकार की ओर से उपलब्ध करवाई जा रही आधुनिक कृषि मशीनों का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।
इनमें सुपर सीडर, हैप्पी सीडर और बेलर जैसी मशीनें शामिल हैं, जिनकी मदद से पराली का खेतों में उचित प्रबंधन किया जा सकता है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस और सिविल प्रशासन की टीमें लगातार फील्ड में गश्त कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और पराली जलाने के मामले सामने आने पर निर्धारित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे प्रशासन के प्रयासों में सहयोग देकर स्वच्छ हवा और सुरक्षित पर्यावरण बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
