Officials Urge Youth to Stay Away from Drugs : जालंधर। पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान के तहत विधानसभा हलका जालंधर कैंट के गांव दीवाली में ‘नशा छोड़ो-पंजाब बचाओ और जिंदगी अपनाओ’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एडीसी अमरजीत बैंस और डीसीपी आदित्य वारियर समेत प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। अधिकारियों ने नशा तस्करी की सूचना पुलिस को देने और युवाओं से खेलों से जुड़ने की अपील की।
इसमें एडीसी अमरजीत बैंस, डीसीपी आदित्य वारियर, हलका इंचार्ज राजविंदर कौर थियाड़ा, दोआबा युद्ध नशों विरुद्ध अभियान के इंचार्ज अतिन अग्निहोत्री और जिला प्रधान शंकी भगत शामिल हुए। एडीसी अमरजीत बैंस ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से संयुक्त रूप से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नशे पर निर्भर लोगों के पुनर्वास के लिए भी गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अभियान की सफलता के लिए लोगों का सहयोग जरूरी है।
डीसीपी आदित्य वारियर ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए पुलिस पूरी सतर्कता से काम कर रही है और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। राजविंदर कौर थियाड़ा और अतिन अग्निहोत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने की अपील की। कार्यक्रम में एसपी माधवी शर्मा, तहसीलदार अंकुश, सरपंच संदीप कुमार वासुदेवा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

