
मोगा: शहर में पुरानी रंजिश और कहासुनी के चलते दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले एक घर के बाहर गाली-गलौज और मारपीट के लिए हथियारों से लैस होकर पहुंचे युवकों ने बाद में दूसरे स्थान पर मोटरसाइकिल सवार युवकों को घेरकर उन पर हमला कर दिया। इस दौरान पिस्तौल से गोली चलाने और बेसबॉल बैट से वार करने की घटना भी हुई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जबकि हमले में दो अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। थाना सिटी मोगा पुलिस ने मामले में 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी शिकायत में कैंप भीम नगर निवासी शिकायतकर्ता ने बताया कि 9 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे वह अपने साथी हैप्पी अरोड़ा के साथ मोटरसाइकिल पर अपने दोस्त हिमत संधू के घर गया था। वहां पड़ोस में रहने वाले हरमन कुमार और उसकी मां किरण रानी के साथ पटाखे चलाने को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान हरमन कुमार ने अपने कुछ दोस्तों को बुला लिया। आरोप है कि आरोपियों ने हिमत संधू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और डंडे तथा हथियार लेकर घर के बाहर खड़े हो गए।
शिकायतकर्ता और उसका साथी वहां से निकलकर मोटरसाइकिल पर भागने लगे तो गुरप्रीत सिंह उर्फ गौरव, विशाल मसीह, जसकरण सिंह उर्फ करण दंदू और हरमन कुमार ने उनका पीछा किया। जब वे कैंप भीम नगर पहुंचे तो एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार करण दंदू ने रास्ता रोक लिया। उसके पीछे विशाल, हरमन और गुरप्रीत भी मौजूद थे। आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और झगड़ा शुरू कर दिया।
शिकायत के अनुसार, इसी दौरान हरमन कुमार ने अपने हाथ में पकड़ी पिस्तौल से हैप्पी अरोड़ा के सिर के पीछे वार किया, जिससे वह नीचे गिर गया। इसके बाद गौरव ने बेसबॉल बैट से हमला किया। वहीं विशाल मसीह ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी, जिसकी गोली हैप्पी के बाएं कंधे और छाती के बाईं ओर लगी। शोर सुनकर हैप्पी का चाचा भारत भूषण मौके पर पहुंचा तो उस पर भी बेसबॉल बैट से हमला किया गया, जिससे उसकी बाईं बाजू घायल हो गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर हरमन कुमार, किरण रानी, गुरप्रीत सिंह उर्फ गौरव, कमलजीत सिंह, विशाल मसीह, जसपाल मसीह, चरणजीत कौर, यूनुस मसीह, जसकरण सिंह उर्फ करण दंदू, करनजीत कौर और रणधीर सिंह उर्फ धीरा सहित 11 लोगों के खिलाफ बीएनएस, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में हरमन कुमार, कमलजीत सिंह, जसपाल मसीह, चरणजीत कौर, यूनुस मसीह और रणधीर सिंह उर्फ धीरा शामिल हैं। मामले की आगे जांच जारी है।
📍 Location: मोगा