Site icon Dainik Savera Times

दूध में मिलावट की सूचना पर विधायक ने अफसरों के साथ तड़के 3 बजे लगाया नाका

लुधियाना: दूध में मिलावट की सूचना पर विधायक राजिंदरपाल कौर छीना ने शुक्रवार तड़के 3 बजे सेहत विभाग के अफसरों को साथ लेकर नाका लगाया। यह नाका गिल से गांव बुलारा गांव की हदबंदी में लगाया गया। इस दौरान दूध की सप्लाई करने जा रही 38 गाड़ियों को रोक-रोककर जांच की गई और दूध के छह व पनीर के दो सैंपल भरे गए। दरअसल कुछ लोगों ने विधायक को बताया था कि रोजाना मंडी अहमदगढ़ से लुधियाना शहर में दूध व पनीर की काफी मात्र में सप्लाई होती है। उन्होंने दूध व पनीर में मिलावट का शक जताया था। इस पर छीना ने सेहत विभाग के अफसरों से बात की। डिस्ट्रिक्ट हैल्थ अफसर डॉ. रिपुदमन व फूड सेफ्टी अफसर लवदीप सिंह की टीम बनाई गई। विधायक ने इस टीम व थाना सदर की पुलिस को साथ लेकर शुक्रवार तड़के अपनी मौजूदगी में नाका लगाकर चैकिंग करवाई। विधायक ने बताया कि दूध सप्लाई करने वाली सभी गाड़ियों व व्यक्तियों के दस्तावेज व ब्यौरा नोट कर लिया गया है। चैकिंग के दौरान लिए गए सैंपलों को खरड़ स्थित लैब में भेज दिया गया है। वहां से रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी। यदि सैंपल फेल पाए गए तो फूड सेफ्टी एड स्टैंडर्ड एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version