चंडीगढ़: राज्य से नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा छेड़े गए “युद्ध नाशियां विरुद्ध” अभियान को लगातार 171वें दिन जारी रखते हुए, पंजाब पुलिस ने मंगलवार को 452 स्थानों पर छापेमारी की और राज्य भर में 111 एफआईआर दर्ज कर 151 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही, 171 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 26,542 हो गई है।
छापों के परिणामस्वरूप गिरफ्तार नशा तस्करों के कब्जे से 1.5 किलोग्राम हेरोइन, 3122 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 28,990 रुपये बरामद हुए हैं। यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पुलिस आयुक्तों, उपायुक्तों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के निर्देश दिए हैं। पंजाब सरकार ने नशे के खिलाफ लड़ाई की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में एक पाँच सदस्यीय कैबिनेट उप-समिति का भी गठन किया है।
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 76 राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में 1100 से अधिक पुलिसकर्मियों वाली 120 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में छापेमारी की है। उन्होंने बताया कि दिन भर चले अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 425 संदिग्ध व्यक्तियों की जाँच भी की।
विशेष डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य से नशे के उन्मूलन के लिए तीन-आयामी रणनीति – प्रवर्तन, नशामुक्ति और रोकथाम (ईडीपी) – लागू की है। पंजाब पुलिस ने ‘नशामुक्ति’ अभियान के तहत आज 84 लोगों को नशामुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए राजी किया है।
ये भी पढ़ें- अब नहीं चलेगी चालाकी: टोल न भरने पर आएगा ई-नोटिस, 72 घंटे की डेडलाइन तय

