Site icon Dainik Savera Times

बेटे के बर्थ डे वाले दिन पिता को चिट्टे का नशा करवा बरसाती नाले में फैंका

चंडीगढ़: सोहाना के एक व्यक्ति को उसी के दोस्तों ने चिट्टे का नशा करवाकर उसे 12 फुट गहरे बरसाती सीवरेज में फैंक दिया और ऊपर से दो पत्थर रखकर फरार हो गए। ऐसे में अंदर-अंदर ही वह बेसुध हो गया और उसकी जान चली गई। इस मामले में सैक्टर-36 थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कत्ल का केस दर्ज कर उनके बारे में अहम जानकारियां जुटाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। अरोपियों की पहचान अटावा निवासी शुभम व अमित उर्फ गंजा के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने वीरवार को कोर्ट में पेश किया। जहां अदालत ने आरोपी शुभम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि अमित का पुलिस ने अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 अक्तूबर को मोहाली के सोहाना निवासी गुरविन्द्र सिंह (32) के बेटे का जन्मदिन था। शाम करीब 6 बजे अपने घर में वह यह कहकर निकला था कि चंडीगढ़ के सैक्टर-22 में वह मोबाइल खरीदने जा रहा है। जहां पर उसे दोस्त मिले, जिनके साथ वह सैक्टर-25 चला गया। तीनों ने वहां पर किसी से चिट्टा लिया और इसके लिए बकायदा गुरविन्द्र ने अपना सिम अमित के मोबाइल में डाला और गुरविन्द्र के अकाऊंट से चिट्टे लेने की 3 हजार की ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की गई। तीनों फिर सैक्टर-42 स्थित अटावा के हॉकी स्टेडियम के पास जंगल एरिया में पहुंचे, जहां पर तीनों ने चिट्टे का सेवन किया। चिट्टे के सेवन से गुरविन्द्र बेसुध हो गया और उन दोनों ने उसे 11-12 फुट गहरे एक बरसाती सीवरेज में फैंक दिया और ऊपर से दो पत्थर रख दिए। वहां दोनों यह कारनामा करने के बाद रात करीब 9 बजे वहां से फरार हो गए।

गुरविन्द्र के परिजन उसे बार-बार फोन कर रहे थे, लेकिन वह फोन नहीं उठा रहा था। रात के समय जब वह घर नहीं पहुंचा, तो उसके परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। सैक्टर-36 थाना पुलिस ने जब नंबर ट्रेस किया तो लोकेशन जंगल एरिया की आ रही थी। पुलिस 12 अक्तूबर की रात से ही उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बुधवार को पुलिस जब जंगल एरिया की छानबीन कर रही थी, तो वहां पर बरसाती सीवरेज में गुरविन्द्र का शव मिला। कड़ी मशक्कत के बाद सीवरेज के अंदर-अंदर नाले में उसका शव बाहर निकाला गया। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेजा गया।

ये भी पढ़ें: भारत ने न्यूजीलैंड को दिया पहाड़ जितना टारगेट, आखिरी ओवर में दूबे ने ठोके 24 रन

Exit mobile version