दिड़बा मंडी: पंजाब के वित्त एवं योजना मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि अगले डेढ़ साल दिड़बा हलके के विकास और तरक्की को पूरी तरह समर्पित होंगे। वे आज दिड़बा हलके के चार गांवों को विभिन्न विकास कार्यो के लिए 1.58 करोड़ रु पए के चैक वितरित करने स्वयं पहुंचे थे। हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि गांव तरंजीखेड़ा को 67 लाख रु पए, सूलर को 35 लाख रु पए, घराट को 26 लाख रु पए और ढंडोली खुर्द को 30 लाख रु पए के विकास चैक दिए गए हैं। इस राशि से ग्रामवासियों की मांग के अनुसार गलियां, नालियां, कैमरे, लाइटें और शैड बनवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में जल्द से जल्द पूरे करवाए जाएंगे ताकि लोग अधिक से अधिक लाभ ले सकें।
उन्होंने दावे के साथ कहा कि जिस योजनाबद्ध तरीके से दिड़बा हलके के लिए विकास निधि जारी की जा रही है, उसके मुताबिक अगले डेढ़ साल हलके के विकास और तरक्की को समर्पित होंगे। उन्होंने कहा कि रोजाना हो रहे नींव पत्थर रखने और उद्घाटन समारोह इस बात का प्रमाण हैं कि दिड़बा अब विकास के पथ पर चल पड़ा है। राज्य में चल रही विकास लहर से विपक्षी दल भी परेशान हो गए हैं और उनके पास लोगों के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है।
चीमा ने कहा कि साल 2022 में पंजाब के लोगों ने पिछली सरकारों से तंग आकर भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार बनाई थी। देश की आजादी के बाद से किसी भी सरकार ने राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयास नहीं किए। समय-समय पर सत्ताधारी दलों ने सिर्फ अपने स्वार्थी हितों को प्राथमिकता दी। जिसके कारण पंजाब और इसके लोग विकास से बहुत पीछे रह गए। अब पंजाब सरकार चुनावी वादों से आगे बढ़कर काम कर रही है। उन्होंने दावे के साथ कहा कि जल्द ही हर गांव को शहर जैसी हर सुविधा मिलने लगेगी। इस मौके पर ओएसडी श्री तिपंदर सिंह सोही और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

