फरीदकोट: पंजाब सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग द्वारा जिला प्रशासन फरीदकोट के सहयोग से ‘खेडां वतन पंजाब दियां 2026’ (सीजन-4) का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों को ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
जिला खेल अधिकारी एस. बलजिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिताओं का पहला चरण ब्लॉक स्तर पर 3 से 15 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय मुकाबले 20 से 30 सितंबर 2026 के बीच होंगे, जबकि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रस्तावित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश कार्यक्रम में बदलाव किया जाता है तो प्रतिभागियों को समय रहते इसकी सूचना दे दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए 1 अगस्त 2026 से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होने की संभावना है। सभी खिलाड़ियों को निर्धारित पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा, तभी वे प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकेंगे।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को आसान और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिला खेल कार्यालय, फरीदकोट ने एक विशेष आईटी सहायता सेल का गठन किया है। यह टीम पंजीकरण के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान में खिलाड़ियों की मदद करेगी। सेल में नोडल अधिकारी सहित विभिन्न खेल प्रशिक्षकों और कार्यालय कर्मियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला खेल अधिकारी ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों से अपील की कि वे समय पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण पूरा करें और ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...