Site icon Dainik Savera Times

सिविल डिफेंस वॉलंटियर बनने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू

अमृतसरः देश की निःस्वार्थ सेवा करने की भावना रखने वाले युवाओं, महिलाओं और समाज सेवा के इच्छुक नागरिकों के लिए सिविल डिफेंस वॉलंटियर बनने हेतु ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक नागरिक सिविल डिफेंस वॉलंटियर बनने के लिए आधिकारिक वेबसाइट https://civildefencewarriors.gov.in/ पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

इस संबंधी जानकारी देते हुए मनप्रीत सिंह रंधावा (प्रेजिडेंट अवार्डी-2 बार), जिला कमांडर, पंजाब होम गार्ड्स-कम-अतिरिक्त नियंत्रक सिविल डिफेंस, अमृतसर ने बताया कि 18 वर्ष या इससे अधिक आयु का प्रत्येक योग्य नागरिक इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है और उम्मीदवार अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से रजिस्टर कर आवेदन भर सकते हैं। आवेदन जमा करवाने के बाद उम्मीदवार पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि समय-समय पर सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक सहायता (फर्स्ट एड), आग से बचाव, खोज एवं बचाव कार्य (सर्च एंड रेस्क्यू), आपातकालीन प्रतिक्रिया तथा जन सुरक्षा से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। किसी भी संकट या आपदा की स्थिति में ये वॉलंटियर्स प्रशासन के साथ मिलकर लोगों की सुरक्षा, राहत और बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जिला कमांडर ने नागरिकों से अपील की कि वे देश की निःस्वार्थ सेवा में अपना योगदान देने के लिए अधिक से अधिक संख्या में सिविल डिफेंस वॉलंटियर के रूप में रजिस्ट्रेशन करवाएं। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए स्थानीय सिविल डिफेंस कार्यालय या सिविल डिफेंस अधिकारियों/वॉलंटियर्स से संपर्क किया जा सकता है।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

Exit mobile version