Mullanpur Dakha: मुल्लांपुर दाखा में वार्ड नंबर 6 में आजाद चुनाव जीते पार्षद बलबीर चंद उर्फ बीरा ने सरेआम गुंडागर्दी करते हुए वहां के प्रेम नगर में स्थित गरीब परिवार का घर जबरन तुड़वा दिया। पीड़ित परिवार ने इसे राजनीतिक रंजिश बताते हुए पार्षद पर धमकाने का आरोप भी लगाया है। घर के मालिक पीड़ित सतपाल सिंह और कृष्णा रानी ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले एक मकान खरीदा था, जिसकी रजिस्ट्री उनके पास है। आरोप है कि पार्षद ने निजी रंजिश के चलते उनके घर पर जेसीबी चलवाकर तोड़फोड़ करवाई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकियां भी दी। घटना के बाद पीड़ित सतपाल ने पुलिस को शिकायत दी, जिसमें लाखों के नुक्सान का हवाला दिया गया।
कांग्रेस पार्टी ने भी पीड़ित का समर्थन करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस हलका इंचार्ज कैप्टन संदीप संधू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो धरना दिया जाएगा। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और बीती बुधवार देर रात को पुलिस ने पार्षद बलबीर चंद और जेसीबी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
रजिस्ट्री के बावजूद पार्षद ने नहीं मानी बात
पीड़ित सतपाल ने बताया कि पार्षद बलबीर चंद उन्हें पहले भी लगातार परेशान करता रहा और नगर कौंसिल में उनके खिलाफ शिकायतें करता था। पार्षद का आरोप था कि सतपाल ने जमीन पर अवैध कब्जा कर घर बनाया है, जबकि सतपाल ने रजिस्ट्री दिखाकर स्पष्ट किया कि उन्होंने मकान वैध रूप से खरीदा है। मामले में रंजिश की वजह यह बताई जा रही है कि पिछले चुनावों में सतपाल ने बलबीर के विरोधी पार्षद को अपने दफ्तर के लिए दुकान दी थी। नगर कौंसिल ने भी पिछले महीने नोटिस जारी किया था, जिसका जवाब सतपाल ने रजिस्ट्री दिखाकर दिया था लेकिन पार्षद ने इसे मानने से इन्कार कर दिया।
कांग्रेस का पुलिस पर हमला
कैप्टन संदीप संधू ने कहा कि मुल्लांपुर में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की नाक के नीचे एक आजाद पार्षद खुलेआम गुंडागर्दी करता रहा और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। संधू ने यह भी आरोप लगाया कि जब पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की गई तो वह पहले पार्षद से पूछने की बात करने लगे कि उसने घर क्यों गिरवाया। उन्होंने इसे एक बड़ी साजिश बताया। उन्होंने कहा कि मुल्लांपुर पुलिस के एसएचओ अमृतपाल ने एक अन्य मामले में बिना एमएलआर के ही इरादा कत्ल की धारा 307 का मामला दर्ज कर दिया, जोकि इतिहास में लिखा जाएगा।

