Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑप्रेशन ब्लू स्टार की बरसी शांतिपूर्ण सम्पन्न, बंद रहे बाजार

June 7, 2024

ऑप्रेशन ब्लू स्टार की बरसी शांतिपूर्ण सम्पन्न, बंद रहे बाजार

अमृतसर: ऑप्रेशन ब्लू स्टार की बरसी पर वीरवार को सचखंड श्री हरिमंदर साहिब के आसपास के बाजारों के अलावा शहर का दिल माने जाते हॉल बाजार, कटरा जयमल सिंह, कटरा शेर सिंह, कपड़ा मार्कीट शास्त्री मार्कीट, जेवरात वाली मार्कीट गुरु बाजार के अलावा शहर की किरयाना की होलसेल मार्कीट ढाब बस्तीराम, दाल मंडी, चावल मडी, आटा मंडी, पापड़ा वाला बाजार, ड्राई फ्रूट की होलसेल मार्कीट मजीठ मंडी, कटरा कर्म सिंह, गेट खजाना, लाहौरी गेट, शक्तिनगर के अलावा रेलवे रोड, आईडीएच मार्कीट, गुरु नानक मार्कीट, तरनतारन रोड, सुल्तानविंड रोड, पुतलीघर, छेहर्टा, लॉरेंस रोड, बटाला रोड, मजीठा रोड फतेहगढ़ चूड़ियां रोड, कचहरी रोड रेलवे रोड रेलवे लिंक रोड गोल्डन क्लॉथ मार्कीट, राम तीरथ रोड के अलावा शहर के सभी इलाके बंद रहे।

रेलवे स्टेशन बस स्टैंड पर मुसाफिरों की संख्या काफी कम रही। शहर की सड़कों प्रमुख बाजारों और बस स्टैंड पर भी सन्नाटा छाया रहा हालांकि बस स्टैंड से रूटीन की तरह बसे चलीं। रेलवे स्टेशन से भी रेल गाड़ियां अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई। मगर इस दौरान सभी प्रमुख बाजारों रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सुरक्षा प्रबंध किए गए। अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे।


सरकारी दफ्तर खुले स्टाफ भी काम करने के लिए आया। मगर काम करवाने वालों की संख्या काफी कम रही। दूसरी तरफ पूरा दिन गुरु नगरी अमृतसर कड़ी सुरक्षा के घेरे में रही। पुलिस द्वारा शहर में नाकाबंदी की गई। संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग जारी रही। पूरा दिन किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। इस बार पहले से भी ज्यादा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। शहर के अंदर आने वाले रास्तों के अलावा श्री हरिमंदर साहिब की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस द्वारा बैरीगेट लगाकर नाकाबंदी की गई थी। मगर इस बार किसी भी श्रद्धालु को श्री हरिमंदर साहिब में आने जाने से नहीं रोका गया।

श्रद्धालु रु टीन में माथा टेकने के लिए पहुंचे और ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी में भी शामिल हुए। सचखंड श्री हरिमंदर साहिब के बाहर गोल्डन प्लाजा में वर्दीधारी पुलिस के साथ-साथ सादे कपड़ों में भारी पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की सीसीटीवी कैमरा वैन भी मौजूद रही। अधिकारियों द्वारा इस गाड़ी के माध्यम से आसपास के पूरे इलाके पर नजर रखी गई। शहर के सभी प्रमुख टी पॉइंट पर पुलिस अधिकारी 108 एंबुलेंस ,फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और रिजर्व पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। भंडारी पुल पर पुलिस की वाटर कैनन गाड़ी, फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस की विशेष टीम मौजूद रही।


इसके चलते पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर खुद अपने कार्यालय से बाहर निकले और पूरे शहर का दौरा कर शहर के हालातों का जायजा लिया। उन्होंने अपने अधिकारियों के साथ-साथ सुरक्षा प्रबंधों में अहम भूमिका निभाने वाले पुलिस कर्मियों को बधाई दी और उनकी मेहनत की सराहना की है। शहर में अमन और कानून व्यवस्था को कायम रखने और पुलिस द्वारा किए गए प्रबंधों में सहयोग देने पर शहर के लोगों का भी धन्यवाद किया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें