लुधियाना: पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय आतंकी-गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने दो खतरनाक आरोपियों को गिरफ्तार कर एक संभावित बड़े आतंकी हमले को टाल दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो जिंदा हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि
यह कार्रवाई 17 मई को उजागर हुए आतंकी-गैंगस्टर मॉड्यूल की आगे की जांच का हिस्सा थी। इससे पहले पुलिस ने लाडोवाल इलाके में एक टारगेटेड शूटिंग की साजिश को नाकाम करते हुए दो आरोपियों को हथियारों समेत गिरफ्तार किया था।
जांच में खुलासा हुआ था कि आरोपी विदेशों में बैठे गैंग हैंडलरों के इशारे पर हाई-प्रोफाइल हत्याओं की योजना बना रहे थे। इन हैंडलरों में जर्मनी और दुबई में बैठे अपराधियों के नाम सामने आए थे।
इस नेटवर्क से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार
अब पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े दो और मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनमें तरनतारन निवासी करणदीप सिंह उर्फ करण और अमृतसर निवासी बलजीत सिंह उर्फ संजू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार करणदीप पहले भी हत्या की कोशिश, हथियार कानून और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में आरोपी रह चुका है।
ये भी पढ़ें…
आरोपियों का मलेशिया से था लिंक
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों को मलेशिया में बैठे एक अन्य हैंडलर ने इस मॉड्यूल से जोड़ा था। गिरफ्तार आरोपियों से दो जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की सख्त धाराएं भी जोड़ दी हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई से आतंकी मॉड्यूल की हथियार और विस्फोटक सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है। पुलिस अब नेटवर्क के बाकी स्थानीय संपर्कों और विदेशी लिंक की गहराई से जांच कर रही है।

