Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

DGP Arpit Shukla के नेतृत्व में पंजाब पुलिस द्वारा चलाया गया ऑपरेशन सील8, राज्यों की सीमाओं पर बढ़ी सुरक्षा

September 9, 2024

DGP Arpit Shukla के नेतृत्व में पंजाब पुलिस द्वारा चलाया गया ऑपरेशन सील8, राज्यों की सीमाओं पर बढ़ी सुरक्षा

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चल रहे अभियान में, पंजाब पुलिस ने सोमवार को एक विशेष अभियान ‘ओपीएस सील-VIII’ चलाया। जिसका उद्देश्य सीमावर्ती राज्य पंजाब में प्रवेश करने या बाहर जाने वाले सभी वाहनों की जांच करना था, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी और शराब की तस्करी पर नज़र रखी जा सके।

इसके अलावा, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नज़र रखी जा सके। यह अभियान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव के निर्देश पर सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक समन्वित तरीके से चलाया गया। विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने कहा कि सीमावर्ती जिलों के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) को सीमावर्ती राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश (यूटी) के अपने समकक्षों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए कहा गया है ताकि ‘ओपीएस सील-VIII’ के हिस्से के रूप में प्रभावी नाकाबंदी सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जिलों के सभी एसएसपी को सीमावर्ती जिलों के रणनीतिक स्थानों पर संयुक्त नाका अभियान आयोजित करने और राजपत्रित अधिकारियों/एसएचओ की देखरेख में सीलिंग बिंदुओं पर मजबूत ‘नाके’ लगाने के लिए अधिकतम संख्या में जनशक्ति जुटाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि चार सीमावर्ती राज्यों और यूटी चंडीगढ़ के साथ सीमा साझा करने वाले 10 जिलों के कम से कम 92 प्रवेश/निकास बिंदुओं पर निरीक्षकों/डीएसपी की देखरेख में 1000 से अधिक पुलिस कर्मियों को शामिल करते हुए अच्छी तरह से समन्वित मजबूत नाके स्थापित किए गए थे।

10 अंतरराज्यीय सीमावर्ती जिलों में पठानकोट, श्री मुक्तसर साहिब, फाजिल्का, रोपड़, एसएएस नगर, पटियाला, संगरूर, मानसा, होशियारपुर और बठिंडा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की गहन तलाशी ली गई। ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो। उन्होंने कहा कि वाहनों की जांच करने के अलावा, पुलिस टीमों ने वाहन मोबाइल ऐप का उपयोग करके उनके पंजीकरण नंबरों को भी सत्यापित किया है। उन्होंने कहा, “हमने सभी पुलिस कर्मियों को इस अभियान के दौरान अपने वाहनों की जांच करते समय हर आने-जाने वाले से दोस्ताना और विनम्र तरीके से पेश आने का सख्त निर्देश दिया था।

डीजीपी ने कहा कि राज्य में प्रवेश करने,बाहर जाने वाले 4245 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 293 का चालान किया गया और 16 को जब्त किया गया। पुलिस ने 27 व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के बाद 26 प्राथमिकी भी दर्ज की हैं। वहीं, पुलिस टीमों ने पूछताछ के लिए 401 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 1.1 किलोग्राम अफीम, 29 किलोग्राम पोस्त की भूसी, 42 किलोग्राम नशीला पाउडर, 1070 नशीले कैप्सूल/टैबलेट तथा भारी मात्रा में वैध व अवैध शराब बरामद की है। इस बीच, इस तरह के अभियान से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी का पता चलता है, साथ ही असामाजिक तत्वों में भय पैदा होता है तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा होती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें