
Ordering a suit online proves costly : मोगा। गांव चड़िक की एक युवती को ऑनलाइन सूट ऑर्डर करना उस समय महंगा पड़ गया, जब ऑर्डर कैंसल करने के बाद कथित तौर पर उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शनों के जरिए बैंक खाते से 22 लाख 21 हजार 931 रुपये ट्रांसफर कर लिए। मामले में थाना साइबर क्राइम मोगा पुलिस ने राजस्थान के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी में है। थाना साइबर क्राइम की ए.एस.आई. राजविंदर कौर ने बताया कि मोहम्मद अब्दुल पुत्र मोहम्मद मजीज निवासी गांव चड़िक, जिला मोगा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दुकानदारी का काम करता है। शिकायत के अनुसार, 14 अप्रैल 2026 को उसकी बेटी साइन खातून ने ऑनलाइन सूट ऑर्डर किया था। बाद में किसी कारणवश ऑर्डर कैंसल कर दिया गया। आरोप है कि इसके बाद उनका मोबाइल फोन हैक हो गया।शिकायतकर्ता के मुताबिक, कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शनों के जरिए बड़ी रकम ट्रांसफर की जा चुकी है।
खाते से कुल 22 लाख 21 हजार 931 रुपये निकलने का पता चलने पर परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत थाना साइबर क्राइम मोगा में दर्ज करवाई और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ए.एस.आई. राजविंदर कौर ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की प्रारंभिक जांच और ट्रांजेक्शनों से संबंधित जानकारी जुटाने के बाद मरियाज पुत्र ईसरू निवासी राजस्थान, निजामुद्दीन पुत्र ईसरू खान निवासी अलवर, राजस्थान, रिंकू मीना पुत्र उमरान निवासी अलवर, राजस्थान तथा नरेंद्र पुत्र सुरेश कुमार निवासी अलवर, राजस्थान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और बैंक खातों से हुई ट्रांजेक्शनों समेत अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल सभी कथित आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमों द्वारा राजस्थान में संभावित ठिकानों पर जल्द छापेमारी की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...