Site icon Dainik Savera Times

ओटीएस योजना : 31 जुलाई तक बिना ब्याज और जुर्माने के जमा करें बकाया प्रॉपर्टी टैक्स

लुधियाना: नगर निगम लुधियाना की ओर से लागू की गई एकमुश्त निपटान (ओटीएस) योजना के तहत, 31 जुलाई 2025 तक प्रॉपर्टी टैक्स का बकाया बिना किसी ब्याज और जुर्माने के जमा कराया जा सकता है। नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचलवाल ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाएं और समय रहते अपना बकाया टैक्स जमा करें। इस संबंध में कमिश्नर डेचलवाल ने वीरवार को जोन-डी कार्यालय, सराभा नगर में जोनल कमिश्नरों और सुपरिंटैंडैंट्स के साथ बैठक की और टैक्स वसूली की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी आदेश दिए गए। बैठक में एडिशनल कमिश्नर परमदीप सिंह, असिस्टैंट कमिश्नर (यूटी) डॉ. प्रगति रानी, जोन ए के जोनल कमिश्नर अभिषेक शर्मा, जोनल कमिश्नर जोन बी के नीरज जैन, जोन सी के गुरपाल सिंह और जोन डीके जसदेव सिंह सेखों समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। पानी और सीवरेज बिलों की वसूली के लिए ऑपरेशन एवं मैंटेनेंस (ओ.एंड.एम) सेल के अधिकारियों को भी ऐसे ही निर्देश जारी किए गए हैं।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रॉपर्टी टैक्स हर साल सेल्फ-असेसमैंट के आधार पर भरना चाहिए। टैक्स जमा न करने पर 20 प्रतिशत जुर्माना और 18 प्रतिशत सालाना ब्याज लगाया जाता है लेकिन ओटीएस नीति के तहत अब लोग 31 जुलाई तक बिना ब्याज व जुर्माने के बकाया टैक्स जमा कर सकते हैं। बकाया टैक्स नगर निगम के जोनल कार्यालयों में स्थित सुविधा केंद्रों में जाकर जमा कराया जा सकता है। कमिश्नर डेचलवाल ने निर्देश दिए कि ओटीएस योजना के तहत शहर भर में विशेष कैंप लगाए जाएं ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ ले सकें। साथ ही निवासियों को मोबाइल पर बल्क मैसेज भेजने के भी निर्देश दिए गए हैं। रविवार को भी खुले रहेंगे सुविधा केंद्र : निवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम कमिश्नर ने आदेश दिए हैं कि 26 जुलाई (शनिवार) और 27 जुलाई (रविवार) को भी सभी जोनल सुविधा केंद्र खुले रहेंगे, ताकि लोग समय पर अपना बकाया टैक्स जमा करवा सकें।

ये भी पढ़े- नहीं रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता यादवेन्द्र सिंह, राजनीति में दौड़ी शोक की लहर 

Exit mobile version