Site icon Dainik Savera Times

आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों ने स्थायी नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन का किया ऐलान

मोगा: आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन पंजाब की राज्य कमेटी के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक जिला मोगा में राज्य प्रधान गुरजिंदर सिंह औलख (बठिंडा) की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में आउटसोर्स कर्मचारियों की लंबित मांगों और उन्हें स्थायी करने से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान यूनियन नेताओं ने कहा कि संगठन की ओर से कच्चे कर्मचारियों को स्थायी करने तथा उनकी अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, वित्त मंत्री, पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा एनएचएम के उच्च अधिकारियों को कई बार मांग पत्र दिए जा चुके हैं। इसके अलावा अधिकारियों के साथ बैठकें भी की गई हैं, लेकिन इसके बावजूद आउटसोर्स कर्मचारियों को स्थायी करने के लिए कोई प्रभावी नीति लागू नहीं की गई।

यूनियन नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा वर्ष 2026 में पारित किए गए बिल में कई शर्तें होने के कारण बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी इसके दायरे से बाहर रह गए हैं। इनमें सफाई सेवक, सीधे यूजर चार्ज के तहत कार्यरत कर्मचारी, ओट क्लीनिक, डी-एडिक्शन एवं रिहैबिलिटेशन सेंटरों के कर्मचारी, नेशनल हेल्थ मिशन के तहत आउटसोर्स कर्मचारी, स्टेट हेल्थ एजेंसी तथा पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन के कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा जिन कर्मचारियों की पांच वर्ष की सेवा पूरी नहीं हुई है, उनके लिए भी कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई गई है।

नेताओं ने यह भी कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों की वेतन वृद्धि को लेकर भी सरकार की ओर से कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हजारों कच्चे कर्मचारियों में रोष पाया जा रहा है। यूनियन ने सरकार से मांग की कि सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को विभाग के अधीन लेकर स्थायी किया जाए तथा उनकी सेवा एवं वेतन संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। यूनियन पदाधिकारियों ने ऐलान किया कि मांगों को लेकर 31 अगस्त 2026 को पटियाला में स्वास्थ्य मंत्री की कोठी के समक्ष धरना दिया जाएगा।

इस दौरान पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारी पहुंचकर सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखेंगे। बैठक में राज्य प्रधान गुरजिंदर सिंह औलख, राज्य उपप्रधान करनबीर सिंह जौहल, राज्य वित्त सचिव नाजर सिंह मानसा, राज्य संगठन सचिव बलजिंदर सिंह श्री फतेहगढ़ साहिब, राज्य प्रेस सचिव यादविंदर सिंह, राज्य कार्यालय सचिव जगमीत सिंह बठिंडा, सरबजीत सिंह पटियाला, जिला महासचिव लुधियाना सन्नूपपिंदर सिंह, राज्य मुख्य सलाहकार नवदीप सिंह खालसा, सुनील धीर जिला प्रेस सचिव बठिंडा, नवदीप कौर जिला प्रधान मोगा, राजेश पवार जिला प्रधान पटियाला, मनप्रीत सिंह बठिंडा, गुरप्रीत कौर खजांची जिला लुधियाना, सिमरनप्रीत कौर लुधियाना, हरविंदरपाल सिंह प्रेस सचिव पटियाला, अवतार सिंह खजांची श्री फतेहगढ़ साहिब सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version