Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने फूंका पुतला

September 18, 2026

आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों ने फूंका पुतला

Outsourced Health Workers Protest, Burn Minister’s Effigy : मोगा। स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने, समान काम के लिए समान वेतन देने और लंबित मांगों को पूरा करने की मांग को लेकर आउटसोर्स स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी यूनियन जिला मोगा ने शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका और मांगें जल्द पूरी नहीं होने पर संघर्ष तेज करने की चेतावनी दी।

यूनियन की जिला प्रधान नवदीप कौर ने बताया कि यूनियन के प्रदेश प्रधान गुरजिंदर सिंह औलख के नेतृत्व में प्रदेश कमेटी की ओर से लिए गए फैसले के तहत पंजाब के विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य मंत्री के पुतले फूंककर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त को पटियाला में स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर यूनियन की ओर से रोष प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद 2 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ यूनियन नेताओं की बैठक हुई, लेकिन कर्मचारियों की मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। उन्होंने बताया कि यूनियन की प्रमुख मांगों में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न श्रेणियों के कच्चे कर्मचारियों को विभाग के अधीन लेकर नियमित करना, समान काम के लिए समान वेतन देना तथा वर्ष 2026 के संबंधित विधेयक में सभी श्रेणियों के कर्मचारियों को शामिल करना शामिल है।

यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार की ओर से मांगों को स्वीकार नहीं किए जाने से आउटसोर्स कर्मचारियों में भारी रोष है। इसी के चलते प्रदेश स्तर पर बैठक कर पंजाब के प्रत्येक जिले में चरणबद्ध तरीके से रोष प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। मोगा में प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य मंत्री का पुतला फूंका। इस मौके पर यूनियन की ओर से आम लोगों और कर्मचारियों को सरकार के कथित वादों से संबंधित पर्चे भी वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला प्रधान नवदीप कौर, जिला महासचिव रमणदीप सिंह सहित अन्य यूनियन नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में पंजाब सरकार के खिलाफ संघर्ष को और तेज किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें