चंडीगढ़: पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के पहले 16 दिनों के भीतर एक करोड़ से अधिक गणना प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण कर लिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अनिंदिता मित्रा ने यह जानकारी दी। उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा कि लगभग सभी मतदाताओं तक पहुंचते हुए 99.34 प्रतिशत गणना प्रपत्र पहले ही वितरित किए जा चुके हैं। मित्रा ने कहा कि गणना प्रपत्रों को इकट्ठा करना और उनका डिजिटलीकरण करना, सही मतदाता सूची बनाए रखने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मज़बूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ने बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ), पर्यवेक्षकों, सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (AERO) और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों और 24,453 मतदान केंद्रों पर गणना प्रपत्रों का समय पर वितरण, संग्रह और डिजिटलीकरण सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को और गति देने तथा व्यापक जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए पंजाब में 11 और 12 जुलाई को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक दो दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्रों को युक्तिसंगत बनाने का कार्य 24 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद तीन अगस्त को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां तीन अगस्त से दो सितंबर तक दर्ज कराई जा सकेंगी तथा उनका निस्तारण तीन अगस्त से 28 सितंबर तक भी किया जाएगा। सीईओ ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन एक अक्टूबर को किया जाएगा।

