Over 40 Officers Trained on Quality Standards : मोगा। विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), चंडीगढ़ शाखा कार्यालय की ओर से डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के 40 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
अधिकारियों को बीआईएस प्रमाणन, हॉलमार्किंग, गुणवत्ता नियंत्रण, सरकारी खरीद में मानकों की पालना, डिजिटल सेवाओं और उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में मानकीकरण और गुणवत्ता आश्वासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाना रहा।
कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में मानकीकरण और गुणवत्ता आश्वासन से जुड़ी पहलों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना रहा। कार्यक्रम अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) जसपिंदर सिंह और सीएचबीओ प्रमुख श्रीमती शालू वर्षने के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लेकर मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण और प्रमाणन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी हासिल की। तकनीकी सत्र में बीआईएस के संयुक्त निदेशक एवं वैज्ञानिक-डी शिवम आहूजा ने बीआईएस की प्रमुख पहलों और सेवाओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने बीआईएस प्रमाणन मार्क (आईएसआई मार्क), सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग, प्रमाणित उत्पादों की सरकारी खरीद, मैनेजमेंट सिस्टम सर्टिफिकेशन तथा क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर्स के बारे में अधिकारियों को अवगत करवाया। प्रशिक्षण के दौरान बीआईएस के डिजिटल प्लेटफॉर्म और ऑनलाइन सेवाओं का लाइव प्रदर्शन भी किया गया। अधिकारियों को भारतीय मानकों तक पहुंच बनाने और उन्हें डाउनलोड करने, लागू क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर्स की जांच करने, बीआईएस केयर ऐप का इस्तेमाल करने तथा बीआईएस शिकायत प्रबंधन प्रणाली संबंधी व्यावहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य, वन, बागवानी, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के 40 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने मानकीकरण, गुणवत्ता आश्वासन, अनुरूपता मूल्यांकन और उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों ने मानकों, प्रमाणन, सरकारी खरीद और गुणवत्ता नियंत्रण से संबंधित सवाल पूछे, जिनका बीआईएस विशेषज्ञों ने विस्तार से जवाब दिया।
इस अवसर पर मानकीकरण, अनुरूपता मूल्यांकन और गुणवत्ता आश्वासन प्रणालियों की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से सरकारी खरीद में निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित करने, उत्पादों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा बनाए रखने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए विभागीय अधिकारियों की क्षमता को और मजबूत करने संबंधी जागरूकता पैदा की गई।

