Site icon Dainik Savera Times

लक्ष्य से 7.1% ज्यादा धान की आवक, खरीद बंद होने से एक हफ्ते से मंडियों में फंसे किसान

पठानकोट : पठानकोट जिले में धान की खरीद का निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बावजूद मंडियों में फसल की आवक लगातार जारी है। पिछले 24 घंटे में जिले की 14 में से 10 मंडियों में 1798 मीट्रिक टन धान पहुंचा, जिसमें से 1971.40 मीट्रिक टन की खरीद की गई। वहीं, कई मंडियों में निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बाद खरीद बंद होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पठानकोट मंडी में कई किसान पिछले एक सप्ताह से धान लेकर बैठे हैं और अपनी फसल की खरीद का इंतजार कर रहे हैं।

जिले में इस साल धान खरीद का लक्ष्य 98,368 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है, जबकि अब तक 14 मंडियों में 1,05,403 मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है। यह निर्धारित लक्ष्य से करीब 7.1 प्रतिशत अधिक है। अब तक 1,02,692.51 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि 85,246.30 मीट्रिक टन धान की लिफ्टिंग भी करवाई गई है। ऐसे में निर्धारित लक्ष्य से अधिक धान की आवक होने के बाद खरीद व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सरकार की ओर से दूसरे राज्यों से धान की खरीद पर रोक लगाई गई है।

इसके बावजूद मंडियों में लगातार फसल पहुंच रही है। उधर, पठानकोट मंडी में धान लेकर पहुंचे किसानों का कहना है कि खरीद बंद होने के कारण उन्हें कई दिनों से मंडी में ही रुकना पड़ रहा है। किसानों ने इस संबंध में जिला प्रशासन से भी मुलाकात कर अपनी समस्या रखी है।

डीएफएससी का दावा, किसानों का पूरा धान खरीदा जाएगा :

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) राज ऋषि मेहरा का कहना है कि धान की खरीद बंद नहीं हुई है। किसानों की पूरी फसल खरीदी जाएगी। वहीं, किसानों को डीसी की ओर से भी खरीद दोबारा शुरू करवाने का भरोसा दिया गया है।

Exit mobile version