मोगा: दाना मंडी में सोमवार को धान की खरीद प्रक्रिया की विधिवत शुरुआत करवाई गई। इस अवसर पर मोगा की विधायिका डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने मंडी में पहुंचकर धान की खरीद का शुभारंभ किया और किसानों से मुलाकात कर मंडी में चल रही खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से बातचीत करते हुए फसल की आवक, खरीद प्रक्रिया तथा उन्हें पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विधायिका डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि किसानों ने कड़ी मेहनत करके धान की फसल तैयार की है और उनकी मेहनत का पूरा मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मंडी से जुड़े विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि धान की खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आनी चाहिए। खरीद कार्य सुचारू, पारदर्शी और निर्बाध तरीके से पूरा किया जाए तथा किसानों को मंडियों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
उन्होंने कहा कि फसल की खरीद, उठान और भुगतान की प्रक्रिया में भी पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए। किसानों को समय पर जानकारी और हर संभव सहयोग उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। इस अवसर पर एडीसी जसपिंदर सिंह, डीएफएससी सुखविंदर सिंह गिल, आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष समीर जैन, चेयरमैन अंगरेज सिंह समरा, अध्यक्ष आग्यापाल सिंह सहित किसान नेता और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
मंडी में धान की खरीद शुरू होने के साथ ही किसानों में भी खरीद प्रक्रिया को लेकर उत्साह देखने को मिला। विधायिका ने अधिकारियों से मंडी में धान की आवक और खरीद व्यवस्था संबंधी जानकारी लेते हुए कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
📍 Location: मोगा

