Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

अजनाला मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू

October 1, 2026

अजनाला मंडी में धान की सरकारी खरीद शुरू

Paddy Procurement Begins in Ajnala Mandi : अमृतसर। विधानसभा हलका अजनाला के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने दाना मंडी अजनाला में धान की सरकारी खरीद की शुरुआत करवाई। उन्होंने पहली ढेरी बेचने वाले किसान को सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना सरकारी भाव पर खरीदा जाएगा और खरीद, तुलाई व लिफ्टिंग की प्रक्रिया सुचारू रखने के लिए मंडियों में पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं।

इस अवसर पर उन्होंने मंडी में धान की फसल लेकर पहुंचे किसानों को बधाई दी तथा पहली ढेरी बेचने वाले किसान को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर मंडी बोर्ड तथा विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारी भी उपस्थित थे। किसानों से बातचीत करते हुए विधायक स. कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा धान की निर्बाध खरीद सुनिश्चित करने के लिए राज्य की मंडियों में पर्याप्त एवं पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल का एक-एक दाना सरकारी भाव पर खरीदा जाएगा तथा फसल की अदायगी समय पर और निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में धान की खरीद, तुलाई और लिफ्टिंग की प्रक्रिया को तेजी एवं सुचारू ढंग से पूरा किया जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचते समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों की सुविधा और उनके हितों को प्राथमिकता दी जाए। स. धालीवाल ने बताया कि मंडियों में फसल की अनलोडिंग और पैकिंग का कार्य करने वाले मजदूरों के लिए स्वच्छ पेयजल तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं के उचित प्रबंध किए गए हैं।

इसके अलावा किसानों के लिए भी मंडियों में बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इससे पहले नौ खरीद सीजन सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं और मौजूदा दसवें खरीद सीजन के दौरान भी किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दाना मंडियों में नए शेड बनाए जाने के साथ-साथ किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें