पंजाब डेस्क : प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर पाकिस्तान जाने वाले भारतीय तीर्थयात्रियों के समूह में शामिल हुए हिंदू श्रद्धालुओं को पाकिस्तान के अधिकारियों ने देश में प्रवेश की अनुमति नहीं दी और उन्हें अटारी-वाघा सीमा से वापस भारत भेज दिया। पाकिस्तान की इमिग्रेशन टीम ने कथित तौर पर इन श्रद्धालुओं से कहा कि वे हिंदू हैं और सिख समूह के साथ पाकिस्तान के गुरुद्वारों में प्रवेश नहीं कर सकते।
बता दें कि दिल्ली, लखनऊ और पंजाब के नवांशहर से आए इन श्रद्धालुओं ने बताया कि उन्होंने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (डीएसजीएमसी) के माध्यम से गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व में शामिल होने के लिए वैध वीज़ा प्राप्त किया था। वे सिख श्रद्धालुओं के साथ ननकाना साहिब और अन्य पवित्र स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। लेकिन वाघा सीमा पर पाकिस्तानी इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनके दस्तावेज़ देखने के बाद उन्हें रोक लिया और अभद्र व्यवहार किया।
भारत लौटने के बाद अटारी सीमा पर बातचीत में एक श्रद्धालु ने बताया, “हमारे पास सभी वैध कागजात थे। फिर भी पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा ‘आप हिंदू हैं, सिखों के साथ क्यों जा रहे हैं? अपने मंदिरों में जाओ, सिख गुरुद्वारों से क्या लेकर जाओगे?’” श्रद्धालु ने बताया कि इस व्यवहार से उन्हें गहरा दुख पहुंचा और उनके परिवार के 14 सदस्य रोते हुए भारत लौटे है।
उन्होंने बताया कि उनका और परिवार के कई सदस्यों का जन्म पाकिस्तान में हुआ था, लेकिन वे लंबे समय से भारत में स्थायी नागरिक बनकर पासपोर्ट के साथ रह रहे हैं। वे दिल्ली के फतेहपुर बेरी इलाके में बस चुके हैं। वे गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी आस्था के चलते हर वर्ष प्रकाश पर्व और अन्य गुरुपर्वों में शामिल होते हैं। एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि “गुरु नानक देव जी केवल सिखों के ही नहीं, बल्कि हम हिंदुओं के भी गुरु हैं। उनके उपदेश मानवता, समानता और प्रेम के हैं,”।
इस घटना ने दोनों देशों के बीच धार्मिक यात्राओं को लेकर जारी तनाव को एक बार फिर उजागर किया है। भारत ने पहले भी कई बार पाकिस्तान से आग्रह किया है कि वह श्रद्धालुओं के साथ धर्म के आधार पर भेदभाव न करे। वहीं, दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह “गुरु नानक देव जी के सार्वभौमिक संदेश के विपरीत” है और पाकिस्तान सरकार को इस पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।
मेष: दिन शुभ रहेगा...