Site icon Dainik Savera Times

अमृतसर के रामतीर्थ रोड पर शव मिलने से फैली दहशत, जाँच में जुटी पुलिस

अमृतसर/छेहर्टा: छेहर्टा पुलिस स्टेशन के अधिकारित क्षेत्र में आने वाले इलाके एस्मा एस्टेट रामतीर्थ रोड की मार्कीट के बाहर से 37 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि इस व्यक्ति की मौत रात में ठंड के कारण या नशीला पदार्थ निगलने से हुई है। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को एस्मा एस्टेट रामतीर्थ रोड इलाके के निवासियों ने मार्कीट के बाहर एक अज्ञात व्यक्ति की लाश पड़ी होने की सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आसपास के इलाकों से कोई पहचान नहीं हो पाई है, जबकि उसके शरीर पर गोपी नाम का टैटू बना हुआ है। उसके शरीर पर किसी तरह के घाव का निशान नहीं है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम के बाद ही युवक की मौत की वजह का पता चलेगा। इलाके के रहने वाले और सोशल वर्कर अजय कुमार पप्पू ने आरोप लगाया कि इस इलाके में आवारा और नशेड़ी युवक घूमते रहते हैं।

उन्होंने कहा कि इलाके के संबंधित थाने को इस बारे में कई बार बताया गया है लेकिन मामला जस का तस है। पुलिस ने दावा किया है कि इलाके में पैट्रोलिंग पार्टियां एक्टिव हैं। सब इंस्पेक्टर चंद्र मोहन ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा उसकी पहचान करने के लिए जांच की जा रही है तथा नजदीकी इलाकों में पूछताछ की जा रही है।

ये भी पढ़ें- टी20 विश्व कप से पहले बड़ा झटका, ये स्टार बल्लेबाज हुआ सस्पेंड… मैच फिक्सिंग के आरोप

Exit mobile version