मोगा: शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राजनीतिक मामलों संबंधी कमेटी के सदस्य रणविंदर सिंह पप्पू रामूवाला ने अपने परिवार और साथियों सहित चंडीगढ़ स्थित सुखबीर सिंह बादल के निवास पर पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी एवं लोकसभा हलका बठिंडा से सांसद बीबा हरसिमरत कौर बादल से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने सुखबीर सिंह बादल का हालचाल जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उल्लेखनीय है कि सुखबीर सिंह बादल को हल्का बुखार और गला खराब होने के कारण डॉक्टर से जांच करवानी पड़ी। इसी कारण उनके निवास पर बड़ी संख्या में पहुंचे शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी।
मुलाकात के दौरान बीबा हरसिमरत कौर बादल ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल चढ़दी कला में हैं और पूरी दृढ़ता एवं हौसले के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सुखबीर बादल पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने के साथ-साथ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी रोजाना मुलाकात कर रहे हैं।
इस अवसर पर लोकसभा हलका बठिंडा और मानसा में पार्टी की गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। बताया गया कि रणविंदर सिंह पप्पू रामूवाला द्वारा चुनावों के दौरान इन दोनों क्षेत्रों में पार्टी की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों को सक्रियता से निभाया जाता है। मुलाकात के दौरान आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई।
परिवारिक माहौल में हुई इस मुलाकात के अंत में रणविंदर सिंह पप्पू रामूवाला, उनके बेटे हरकनवरपाल सिंह गिल, बेटी डॉ. अवलीन कौर गिल तथा करीबी साथी सुखदीप सिंह रामूवाला ने बीबा हरसिमरत कौर बादल को बुके भेंट किया। इस दौरान उन्होंने सुखबीर सिंह बादल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके प्रति अपनी शुभकामनाएं एवं संवेदनाएं व्यक्त कीं।
📍 Location: मोगा

