Pargat Singh Meets Rahul Gandhi in Delhi : जालंधर। पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष परगट सिंह ने पद संभालने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात का सिलसिला तेज कर दिया है। सोमवार को उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इससे पहले वह पंजाब प्रभारी सचिन पायलट समेत कई नेताओं से मिल चुके हैं।
माना जा रहा है कि इसके जरिए वह पार्टी के भीतरी विरोधियों के लिए दिल्ली दरबार का रास्ता बंद कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार परगट सिंह 6 अक्टूबर को दिल्ली से पंजाब लौटेंगे। इसके बाद चंडीगढ़ में कांग्रेस के सीनियर लीडरशिप से मुलाकात करेंगे। जिसमें सीधे तौर पर गुटबाजी को खत्म कर चुनावी लड़ाई के लिए एकजुट होने का मैसेज दिया जाएगा। वहीं परगट सिंह का आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के जनरल सेक्रेटरी (आर्गेनाइजेशन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात का मतलब है कि परगट सिंह पंजाब कांग्रेस के फैसलों में हाईकमान के साथ सीधा साथ चाहते हैं ताकि बीच के मुलाकात कराने वाले खत्म हो सकें।
परगट सिंह की नियुक्ति का आदेश भी केसी वेणुगोपाल ने जारी किया था। पंजाब के प्रभारी सचिन पायलट से मुलाकात को 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पायलट ने ही संगठन में बदलाव की प्रक्रिया में भूमिका निभाई है। हालांकि पायलट ने परगट सिंह का नाम नहीं सुझाया था। इसलिए भी पायलट से मुलाकात कर उनको भरोसा दिलाना था कि पंजाब में उनके साथ तालमेल से चला जाएगा। इसके साथ उन नेताओं को भी संदेश देना था जो गुटबाजी को हवा दे सकते हैं।

