
मोगा। परमेश्वर द्वार गुरमत प्रचार सेवा दल की ओर से गुरुद्वारा बीबी कान कौर में छठा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में मोगा शहर और आसपास के विभिन्न गांवों से पहुंचे करीब 300 मरीजों की आंखों की जांच की गई। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाइयां और चश्मे वितरित किए गए। वहीं, जिन मरीजों को आंखों के ऑपरेशन की जरूरत है, उनके निःशुल्क ऑपरेशन करवाने की व्यवस्था भी की जा रही है।
शिविर का उद्घाटन कांग्रेस की मोगा विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी मालविका सूद ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर शहर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी शिरकत की। आयोजकों की ओर से शिविर में पहुंचे अतिथियों और प्रमुख शख्सियतों को सम्मानित किया गया।

संस्था के प्रबंधकों ने बताया कि परमेश्वर द्वार गुरमत प्रचार सेवा दल की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मानवता की सेवा के उद्देश्य से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया है। शिविर में मुल्लांपुर स्थित शंकरा आई हॉस्पिटल के डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना और आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित रहने वाले मरीजों की सहायता करना है।
इस मौके पर मालविका सूद ने कहा कि संस्था पहले भी धार्मिक और सामाजिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देती रही है। छठा निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाना सराहनीय प्रयास है। आंखों की रोशनी संबंधी समस्याओं से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों के ऑपरेशन करवाकर उन्हें बेहतर जीवन जीने में सहायता देना समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मोगा की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने भी संस्था के प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिलती है। निःशुल्क जांच, दवाइयां, चश्मे और ऑपरेशन की सुविधा जरूरतमंद परिवारों के लिए मददगार साबित होती है। उन्होंने कहा कि समाज की सभी संस्थाओं को आगे आकर ऐसे जनकल्याणकारी कार्य करने चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को समय पर उपचार मिल सके और वे सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।
📍 Location: मोगा