
मानसा: पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परगट सिंह ने आज मानसा जाते समय पंजाब में नशे की समस्या और परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले को लेकर भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे का कारोबार लगातार गंभीर रूप ले रहा है और सरकार युवाओं को बचाने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने समय रहते नशा तस्करों और इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की होती, तो आज परमिंदर सिंह झोटा हमारे बीच होते।
परगट सिंह ने सीएम मान को ललकारते हुए कहा कि परमिंदर सिंह झोटा ने नशे के खिलाफ आवाज उठाई थी और नशा बेचने वालों के खिलाफ खुलकर सामने आए थे। उन्होंने कहा कि झोटा ने पहले भी नशे के कारोबार को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी और इस मुद्दे पर आवाज बुलंद की थी। इसके बावजूद सरकार और प्रशासन की ओर से समय रहते प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई, यह एक गंभीर सवाल है।
उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को पहले चिट्टे और अब मेडिकल नशे के जरिए बर्बाद किया जा रहा है। सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। नशे के खिलाफ अभियान चलाने के दावे तभी सार्थक होंगे, जब नशे के कारोबार पर वास्तविक रोक लगेगी और इसके पीछे काम कर रहे लोगों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होगी।
परगट सिंह ने मेडिकल एसोसिएशन से भी अपील की कि मेडिकल नशे की बिक्री और इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि दवाओं की अवैध बिक्री और नशे के रूप में उनके इस्तेमाल को रोकने के लिए संबंधित संस्थाओं, प्रशासन और सरकार को मिलकर काम करना चाहिए।
उन्होंने मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल बयान देने, आंसू बहाने या दिखावटी संवेदना जताने से इंसाफ नहीं मिलता। अगर सरकार और प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई की होती, तो शायद परमिंदर सिंह झोटा की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि आज जरूरत पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की है।
परगट सिंह ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और इंसाफ मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई और नशे के कारोबार के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस सरकार और डीजीपी की जवाबदेही तय करने तथा उनके इस्तीफे की मांग को लेकर संघर्ष तेज करेगी।