Site icon Dainik Savera Times

रात्रि गश्त के जरिए अपराध पर शिकंजा कस रही पठानकोट पुलिस: SSP Dhillon

पठानकोट : पठानकोट में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों के दिशा-निर्देशों के तहत पुलिस द्वारा विशेष नाइट डॉमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत देर रात शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर नाकाबंदी, वाहन जांच और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन तलाशी ली जा रही है।

पुलिस टीमें विभिन्न प्रमुख चौकों, बाजारों, राष्ट्रीय राजमार्गो और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखना तथा लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रात के समय की जा रही इन विशेष जांचों के दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि पठानकोट पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सुरक्षित माहौल कायम रखा जा सके। उन्होंने नागरिकों से भी पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

Exit mobile version