Site icon Dainik Savera Times

पटियाला बना डेंगू का गढ़, सरकार की असफलता हुई बेनकाब

पटियाला: जिला प्रधान यूथ कांग्रेस पटियाला और एमसी संजीव शर्मा कालू ने जिला अधिकारियों को कहा कि मैं पटियाला जिले की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं। दुख की बात है कि पंजाब के मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह का पैतृक जिला पटियाला सूबे का सबसे अधिक डेंगू प्रभावित जिला बन गया है। यह सिर्फ आंकड़ों की बात नहीं, बल्कि यह सरकार की जन स्वास्थ्य की रक्षा करने में पूरी असफलता का स्पष्ट प्रमाण है। कुछ ही महीने पहले पटियाला दस्त के मामलों में भी सबसे आगे था। यह दर्शाता है कि न साफ पानी की उपलब्धता है, न मच्छर नियंत्रण के उपाय, और न ही स्वास्थ्य विभाग की कोई जिम्मेदारी का अहसास किया गया है।

संजीव शर्मा कालू ने सीधा सवाल करते हुए कहा अगर स्वास्थ्य मंत्री अपने ही घर, अपने ही जि़ले में बुनियादी बीमारियों पर काबू नहीं पा सकते, तो पूरे पंजाब की सेहत का प्रबंधन कैसे कर सकते हैं? गंदगी के लगे ढेरों के कारण आज लोग डेंगू, दस्त और अन्य बीमारियों से जूझ रहे हैं। अस्पतालों में दवाइयों की कमी है, डाक्टरों की कमी है और स्वच्छता प्रणाली पूरी तरह ढह चुकी है। यह मामला किसी पार्टी का नहीं यह पंजाब के लोगों की जान और सुरक्षा का मामला है। उन्होंने मांग की कि तुरंत पटियाला और आसपास के इलाकों में विशेष डेंगू नियंत्रण अभियान चलाया जाए।

ये भी पढ़ें : डिजिटल भुगतान में सरकारी बैंकों की बढ़त, ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड ट्रांजैक्शन में निजी बैंक पीछे

Exit mobile version