Site icon Dainik Savera Times

पटियाला में मां की ममता हुई शर्मसारः बच्ची के रोने से परेशान होकर चाकू से गोदकर मार डाला

knife news patiala

पटियाला: पंजाब के पटियाला से एक मां की ममता शर्मसार होने की खबर सामने आई है। जहां, गांव खेड़की में एक मां ने अपनी 21 माह की मासूम बच्ची की लगातार रोने से परेशान होकर चाकू मारकर हत्या कर दी। शुरुआत में परिवार ने इस घटना को हादसा बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने बच्ची की मां लवप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह परिवार के सदस्य गंभीर हालत में बच्ची को सरकारी राजिंदरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार ने डॉक्टरों और पुलिस को बताया कि बच्ची घर में खेलते समय गलती से चाकू पर गिर गई थी। मामले में शक होने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ के दौरान बयानों में अंतर मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर बच्ची के पिता ने खुलासा किया कि उसकी पत्नी लवप्रीत कौर ने ही बेटी की हत्या की है।

पिता ने कहा- पत्नी का डिप्रेशन का इलाज चल रहा है
पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी डिप्रेशन का इलाज करवा रही थी और बच्ची के लगातार रोने से वह काफी परेशान रहती थी। इसी गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। बताया जा रहा है कि दंपति की शादी वर्ष 2023 में हुई थी और मृत बच्ची उनकी इकलौती संतान थी। एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version