चंडीगढ़: पंजाब में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के अभियान के तहत पटियाला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर-राज्यीय स्तर पर अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 10 आधुनिक सेल्फ-लोडिंग हथियार बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई की जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को साझा की।
बिहार से जुड़ा सप्लाई नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिहार से अवैध हथियार मंगवाकर पंजाब में आपराधिक तत्वों को सप्लाई कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसका इस्तेमाल टारगेट किलिंग समेत गंभीर अपराधों में किया जाना था। गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ कुमार (मुजफ्फरपुर, बिहार), साजन (SAS नगर), अभिषेक उर्फ काका (पटियाला) और इंद्रजीत सिंह उर्फ रोहित (पटियाला) शामिल हैं।
In a major breakthrough, Patiala Police busts an inter-state illegal arms supply module, apprehending 4 accused with recovery of 10 sophisticated self-loading firearms.
Preliminary investigation reveals that the accused were sourcing country-made weapons from #Bihar and… pic.twitter.com/T1VYllfOt0
— DGP Punjab Police (@DGPPunjabPolice) April 2, 2026
गैंगवार और टारगेट किलिंग की साजिश
डीजीपी ने बताया कि जांच में गैंगवार से जुड़े इनपुट भी मिले हैं। गिरोह एक विरोधी अपराधी को निशाना बनाने की योजना बना रहा था, जो कथित तौर पर गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
पुलिस का ऑपरेशन और गिरफ्तारी
पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सौरभ कुमार विदेश में बैठे आकाओं के निर्देश पर हथियारों की सप्लाई कर रहा है। इसके बाद CIA स्टाफ और स्थानीय पुलिस टीमों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर जाल बिछाया और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह ऑपरेशन SP (जांच) गुरबंस सिंह बैंस और DSP हरमन चीमा की निगरानी में अंजाम दिया गया।
अवैध हथियार निर्माण से जुड़ाव
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी बिहार के मुजफ्फरपुर में चल रही अवैध हथियार निर्माण इकाइयों से हथियार मंगवाता था। इसके बाद अलग-अलग तरीकों से इन्हें पंजाब पहुंचाया जाता था।
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि एक आरोपी सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टरों के संपर्क में था और आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
ये भी पढ़ें…
मामला दर्ज, जांच जारी
इस संबंध में थाना शंभू (पटियाला) में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 और शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क और इसके अन्य लिंक की गहन जांच कर रही है।