Pensioners demand fulfillment of their demands : मोगा। पंजाब गवर्नमेंट पेंशनर्स एसोसिएशन की जिला इकाई की बैठक में कर्मचारियों और पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया। संगठन ने डीए की अदायगी, छठे वेतन आयोग की लंबित सिफारिशें लागू करने और जनवरी 2016 से पहले के पेंशनर्स को 2.59 का गुणांक देने की मांग उठाई।
12 सितंबर को विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के आवास के बाहर होने वाले धरने में मोगा से करीब 150 पेंशनर्स के शामिल होने का ऐलान किया गया। जिला प्रधान सुखमंदर सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार ने हाई कोर्ट के फैसले के अनुसार महंगाई भत्ते (डीए) की अदायगी 31 अगस्त तक लागू नहीं की। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर कर कर्मचारियों और पेंशनर्स के डीए संबंधी संवैधानिक अधिकार को टालने का प्रयास किया गया है, जिसकी संगठन ने कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने सरकार से छठे वेतन आयोग की लंबित सिफारिशें तुरंत लागू करने और जनवरी 2016 से पहले के पेंशनर्स पर 2.59 का गुणांक लागू करने की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष भजन सिंह गिल ने पिछले समय में किए गए संयुक्त संघर्षों की रिपोर्ट पेश की।
उन्होंने पंजाब सरकार के तीन मंत्रियों की प्रेस कांफ्रेंस में कर्मचारियों को लेकर दिए गए बयानों को तथ्यहीन बताते हुए कहा कि पंजाब के कर्मचारियों को केंद्र और अन्य राज्यों की तुलना में अधिक वेतन मिलने का दावा वास्तविकता से परे है। प्रदेश महासचिव सुरिंदर राम कुस्सा ने कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर के डीए संबंधी बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई भत्ता पूरे देश में महंगाई सूचकांक से जुड़ा है। उन्होंने केंद्र की विभिन्न नीतियों को पंजाब में लागू किए जाने का हवाला देते हुए सरकार के तर्क पर सवाल उठाया।
बैठक में नायब सिंह, बिक्कर सिंह माछीके, तेजा सिंह घल्ल कलां, बलबीर सिंह मोगा और बलविंदर सिंह गिल समेत अन्य नेताओं ने कहा कि 12 सितंबर को विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के आवास के बाहर होने वाले धरने में मोगा जिले से करीब 150 पेंशनर्स तीन बसों के जरिए शामिल होंगे। बैठक में दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई तथा नेपाल के भूकंप पीड़ितों और दिल्ली में इमारत गिरने से मारे गए विद्यार्थियों के प्रति शोक व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पेंशनर्स नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

