Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

CM Kejriwal की गिरफ्तारी से लोग केंद्र सरकार से नाराज, लोकसभा चुनाव में मिलेगा करारा जवाब : Harjot Bains

March 29, 2024

CM Kejriwal की गिरफ्तारी से लोग केंद्र सरकार से नाराज, लोकसभा चुनाव में मिलेगा करारा जवाब : Harjot Bains

श्री आनंदपुर साहिब : आप ‘सुप्रीमो’ अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पंजाब में केंद्र सरकार के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है। इस घटना के बाद कड़ा विरोध जताने वाले पंजाब के तेजतर्रार कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अब श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा के लोगों से 31 मार्च को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है। आम आदमी पार्टी ने श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ मजबूत मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। 31 मार्च को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन में श्री आनंदपुर साहिब से बड़ी संख्या में लोगों को ले जाने की तैयारी की जा रही है।

इसका खुलासा पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने किया है। उन्होंने कहा है कि केंद्र सरकार जिस तरह से तुगलकी फरमान जारी कर निर्दोष लोगों को जेल में डाल रही है, उसका जवाब देश की जनता लोकसभा चुनाव में जरूर देगी. उन्होंने यह भी कहा कि आतंक कभी भी लोगों के दिलों में जगह नहीं बना सकता।

हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा के लोग भी उन्हें अरविंद केजरीवाल का हाल जानने के लिए फोन कर रहे हैं और इन लोगों ने दिल्ली जाने की इच्छा भी जताई है। बैंस ने कहा कि जिस तरह से ‘आप’ का ग्राफ देश और दुनिया में तेजी से बढ़ रहा है, उसका डर दिल्ली की मोदी सरकार के चेहरे पर देखा जा सकता है। कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि हार-जीत जिंदगी का हिस्सा है, लेकिन राजनीति में कोई दूसरों को डरा-धमकाकर राज नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि जो शासक ‘शॉर्टकट’ अपनाते हैं उनका जीवनकाल कुछ ही दिनों का होता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का उदाहरण देते हुए कहा कि हमारे सीएम लोगों के दिलों पर राज करते हैं क्योंकि वह लोगों के बीच रहते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देश पर 31 मार्च को दिल्ली में प्रदर्शन की योजना बनाई गई है, उससे हम निश्चित तौर पर देशभर में अपनी बात लोगों तक पहुंचाने में सफल होंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें