Site icon Dainik Savera Times

श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म से प्रेरणा ले रहे लोग

अमृतसर: पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्यभर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला के तहत श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, दर्शन और महान शिक्षाओं पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म जिला अमृतसर के विभिन्न गांवों में डॉक्यूमेंट्री वैन के माध्यम से दिखाई जा रही है, जिसे लोगों की ओर से भरपूर समर्थन मिल रहा है।

बीती शाम यह डॉक्यूमेंट्री फिल्म विधानसभा क्षेत्र जंडियाला गुरु के गांव चूंग, सैदोकें और दबुर्जी, विधानसभा क्षेत्र बाबा बकाला साहिब के गांव दाऊद, ध्यानपुरा और डेनियल तथा विधानसभा क्षेत्र मजीठा के गांव गालोवाली, हमजा और गुज्जरपुरा में दिखाई गई। इन गांवों में बड़ी संख्या में लोगों ने डॉक्यूमेंट्री फिल्म देखी और श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा दिए गए समानता, प्रभु भक्ति, मानवता, मेहनत और सर्व-साझीवालता के संदेश से प्रेरणा प्राप्त की।

डॉक्यूमेंट्री फिल्म में श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, सामाजिक सुधारों के लिए उनके अद्वितीय योगदान, मानवीय मूल्यों, सामाजिक समानता, विश्व भाईचारे, सेवा भावना और श्रम की महत्ता को प्रभावशाली एवं सरल ढंग से प्रस्तुत किया गया है, जिसने दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ा।

इस अवसर पर गांववासियों ने पंजाब सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं और उपदेशों को आम लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से युवा अपने महान गुरुओं के जीवन, विचारों और सामाजिक समानता के संदेश से और अधिक जुड़ सकेंगे तथा समाज में आपसी भाईचारे और सद्भावना को भी और मजबूती मिलेगी।

डिप्टी कमिश्नर अमृतसर श्री दलविंदरजीत सिंह, आई.ए.एस. ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य श्री गुरु रविदास महाराज जी की शिक्षाओं को घर-घर तक पहुंचाना और समाज में समानता, भाईचारे, मानवता तथा सामाजिक सद्भावना के मूल्यों को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को साकार करने के लिए जिले के विभिन्न गांवों में डॉक्यूमेंट्री वैन के माध्यम से फिल्म का प्रदर्शन आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

Exit mobile version