Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

सेवा के संग सेहत का संबल, मेडिकल कैंप में उमड़े लोग

September 13, 2026

सेवा के संग सेहत का संबल, मेडिकल कैंप में उमड़े लोग
People flocked to the medical camp : मोगा। सेवा और स्वास्थ्य जागरूकता का अनूठा संगम संत निरंकारी भवन में देखने को मिला, जहां श्री सत्य साईं मुरलीधर आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल की ओर से लगाए गए जनरल एवं आयुर्वेदिक मेडिकल कैंप में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच करवाई।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बीपी, शुगर, बीएमडी और नाड़ी परीक्षण सहित विभिन्न जांचें कीं, वहीं मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जरूरत के अनुसार आयुर्वेदिक दवाएं भी मुफ्त उपलब्ध करवाई गईं। जांच के आधार पर डॉक्टरों द्वारा मरीजों को खान-पान, जीवनशैली और आयुर्वेदिक उपचार संबंधी उचित सलाह दी जा रही है। उन्होंने बताया कि कैंप में कमजोरी, पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याओं, त्वचा रोग, बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की जा रही है। कैंप में आयुर्वेदिक फिजिशियन डॉ. स्मृति मंडल, डॉ. केशव लाल और डॉ. अभेक शाह द्वारा मरीजों को सेवाएं दी जा रही हैं। इसके साथ ही डायटीशियन द्वारा लोगों को स्वस्थ आहार और बेहतर जीवनशैली के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। संत निरंकारी मंडल मोगा के सेवादार राकेश लगी ने कहा कि संत निरंकारी मिशन की ओर से समाजसेवा के तहत समय-समय पर मेडिकल कैंप आयोजित किए जाते हैं।
इस कैंप में ऐसे कई स्वास्थ्य टेस्ट भी मुफ्त किए जा रहे हैं, जिनके लिए आमतौर पर लोगों को बाहर जाकर खर्च करना पड़ता है। मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्या के अनुसार आयुर्वेदिक दवाएं भी मुफ्त दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवानी चाहिए। समय रहते जांच करवाने से कई स्वास्थ्य समस्याओं का प्रारंभिक स्तर पर पता लगाया जा सकता है। राकेश लगी ने बताया कि संत निरंकारी मिशन द्वारा मेडिकल कैंपों के अलावा सफाई, पर्यावरण संरक्षण और अन्य समाजसेवी कार्य भी लगातार किए जाते हैं।
सिविल अस्पताल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और पार्कों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सेवादारों और साध संगत द्वारा सफाई अभियान चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मिशन का उद्देश्य सेवा के माध्यम से समाज के कल्याण में योगदान देना है। कैंप में पहुंचे लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, डॉक्टरों की सलाह और मुफ्त दवाइयों की सुविधा मिलना आम लोगों के लिए काफी लाभदायक है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें