चंडीगढ़/जालंधर : पंजाब विधानसभा चुनाव से चंद माह पहले शहरी स्थानीय निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत ने पूरी पार्टी को जोश से भर दिया है। इस शानदार जीत के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत तमाम नेताओं ने सीएम भगवंत सिंह मान की ‘काम की राजनीति’ को सराहने के लिए पंजाब की जनता का धन्यवाद किया है। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोगों ने ये ऐतिहासिक वोट देकर भगवंत मान सरकार के कामों को शाबाशी दी है।
ऐसे ही हम अच्छे काम आगे भी करते रहेंगे। वहीं ईडी पार्टी का सफाया हो गया। ईडी पार्टी ने पंजाब के छोटे-छोटे व्यापारियों पर जो इतनी रेड करवा कर लोगों को परेशान किया, आज लोगों ने उसका बदला लिया।
केजरीवाल ने पंजाब के सभी व्यापारियों को सचेत करते हुए कहा कि शुक्रवार को आए निकाय चुनावों के नतीजों के बाद आने वाले दिनों में ईडी पार्टी कई व्यापारियों पर ईडी रेड की प्लानिंग कर रही है। सभी व्यापारी सतर्क रहें।
हमारी सरकार पूरी तरह से सभी व्यापारियों के साथ खड़ी है। ईडी पार्टी को पूरी तरह से पंजाब से भगाना है। सोशल मीडिया एक्स पर अरविंद केजरीवाल ने एक वीडिया साझा कर कहा कि पंजाब में आज नगर निगम और शहरी निकायों के नतीजे आए हैं और आम आदमी पार्टी ने पूरे पंजाब के अंदर पूरा स्वीप किया है। सभी शहरी निकायों के अंदर पार्टी की जबरदस्त जीत हुई है। अभी थोड़े दिन पहले पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के ग्रामीण निकायों के नतीजे आए थे। उसमें भी आप की जबरदस्त जीत हुई थी। और अब आज शहरी क्षेत्रों के नतीजे आए हैं, इसमें भी जबरदस्त जीत हुई है।

