Site icon Dainik Savera Times

गांधी कैम्प में सीवरेज जाम से लोग परेशान, निगम चुनाव में पार्षद के बायकाट का किया ऐलान

जालंधर: नॉर्थ हलके के वार्ड नंबर 65 के गांधी कैम्प में बीते 6 माह से बनी सीवरेज जाम की समस्या से लोग परेशान हैं। हालात ये हैं कि दो वार्ड को लगते इस इलाके की पार्षद अंजलि भगत और सरफो देवी से लेकर विधायक बावा हैनरी और निगम कमिश्नर को शिकायत देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इलाका निवासी किरण रानी, कमला देवी ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि छह माह से एक भी दिन ऐसा नहीं गुजरा जब गली में गंदा पानी नहीं खड़ा हो। बच्चे और बुजुर्ग बीमार हो रहे हैं और बच्चों का स्कूल जाना बंद हो चुका है।

बता दें इलाके के लोग गंदे पानी से पैदल गुजरने को मजबूर हैं। लोगों ने बताया कि पार्षद सरफो देवी कहती हैं कि ये गली उनके वार्ड से बाहर है, जबकि पार्षद अंजलि भगत कई बार मौके का जायजा लेकर जा चुकी हैं लेकिन सीवरेज की सफाई नहीं हो पाई है। समूह लोगों ने ऐलान किया कि वो आने वाले निगम चुनाव में दोनों पार्षद का बायकाट करेंगे। जो उनके सीवरेज की समस्या को हल करवाएगा, उसी को चुनाव में वोट देंगे। साथ ही लोगों ने चेतावनी दी कि जल्द ही उनकी समस्या में सुधार नहीं हुआ तो इलाके के लोग धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।

Exit mobile version