Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

लोग ‘आप’ को पंजाब का विकास जारी रखने के लिए एक और मौका देंगे: CM Mann

November 1, 2026

लोग ‘आप’ को पंजाब का विकास जारी रखने के लिए एक और मौका देंगे: CM Mann

संगरूर : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज अकाली दल-भाजपा और कांग्रेस पर तीखे हमले करते हुए कहा कि पारंपरिक राजनीतिक पार्टियों ने पंजाब को लूटा है और लोगों के साथ धोखा किया है, जबकि ‘आप’ सरकार राज्य के विकास, रोजगार के अवसर पैदा करने और स्वच्छ शासन के अपने रिकॉर्ड के दम पर आगामी चुनावों में भी जनादेश हासिल करेगी। संगरूर के दिड़बा विधानसभा क्षेत्र के गांव मौड़ां में खेल मैदान का उद्घाटन करने के बाद ‘लोक मिलनी’ के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पिछली सरकारों की तरह शोषण की राजनीति करने के बजाय सड़कों, स्कूलों, सीवरेज के बुनियादी ढांचे, खेल सुविधाओं और रोजगार के अवसरों के माध्यम से पंजाब की तस्वीर बदल रही है।

गांव में विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपए देने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने अकाली दल द्वारा भाजपा के साथ गठबंधन करने की जल्दबाजी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दिल्ली की सीमाओं पर किसान आंदोलन के दौरान 750 किसानों की शहादत को याद करते हुए चेतावनी दी कि ऐसे किसी भी राजनीतिक गठबंधन को पंजाब के लोग सबक सिखाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोगों का विश्वास और समर्थन ही उनकी सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और पंजाब की शान को ‘रंगला पंजाब’ के रूप में बहाल करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

रोजगार के क्षेत्र में उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने बिना किसी भ्रष्टाचार के योग्य युवाओं को 70,000 से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं और पंजाब में निवेश लाकर रोजगार के छह लाख से अधिक अतिरिक्त अवसर पैदा किए हैं। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम परिवारों के बेटे-बेटियां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करें, अच्छी नौकरियां हासिल करें और बड़े अधिकारी बनें। युवाओं को रोजगार की तलाश में अपनी मातृभूमि छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। हम ऐसा माहौल तैयार कर रहे हैं, जहां वे पंजाब में ही अपना सुनहरा भविष्य बना सकें।”

भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये पारंपरिक पार्टियां दशकों तक पंजाब पर शासन करती रही हैं, लेकिन राज्य के हितों की रक्षा करने में नाकाम रही हैं।
अकाली दल द्वारा भाजपा के साथ गठबंधन करने के प्रयासों पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “अकाली दल भाजपा के साथ हाथ मिलाने के लिए उतावला है। यह वही पार्टी है जो उस समय केंद्र की सत्ता में थी, जब किसान तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर धरना दे रहे थे। इस ऐतिहासिक आंदोलन के दौरान 750 किसानों ने अपनी जान गंवाई थी। यह बेहद अफसोसजनक है कि पंजाब के किसानों के हितों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाली पार्टी अब भाजपा के साथ गठबंधन करने के लिए बेताब है। ”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें