Pet Dog Attacks 10-Year-Old Boy in Ludhiana : लुधियाना। जनता नगर (भगवान चौक) इलाके में पालतू कुत्ते ने 10 वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। कुत्ते ने बच्चे के चेहरे, ठोड़ी और टांगों को नोच डाला। बच्चे की चीखें सुनकर पिता ने जान जोखिम में डालकर उसे कुत्ते के जबड़ों से छुड़ाया। घायल बच्चे को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसे करीब 50 टांके लगाए गए। घटना के बाद बच्चा सदमे में है, जबकि परिवार फिलहाल इलाज को प्राथमिकता दे रहा है।
घायल बच्चे को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे करीब 50 टांके लगाए गए। पीड़ित परिवार फिलहाल पुलिस कार्रवाई से बच रहा है। पिता का कहना है कि उनकी पहली प्राथमिकता बेटे का इलाज कराना और उसे इस दर्द से बाहर निकालना है। अचानक कुत्ते ने मासूम पर झपट्टा मार दिया: 10 वर्षीय मोहित सोमवार शाम (9 नवंबर) घर में खेल रहा था। उसी मकान में रहने वाले किराएदार ने अपने कुत्ते को लंबी चेन से बांधा हुआ था। अचानक कुत्ते ने मासूम पर झपट्टा मार दिया।
बच्चा खुद का बचाव नहीं कर पाया और जमीन पर गिर गया। कुत्ते ने उसके मुंह, ठोड़ी और टांगों को अपने जबड़ों में दबोच लिया और बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया। बच्चे को कुत्ते से खींचकर दूर किया: घटना के समय बच्चे के पिता गर्नेश वहीं मौजूद थे। जब उन्होंने बेटे को खून से लथपथ हालत में चीखते देखा तो उन्होंने बिना एक पल गंवाए फुर्ती दिखाई। गर्नेश ने तुरंत बच्चे को कुत्ते से खींचकर दूर किया। गर्नेश का कहना है कि अगर वे चंद सेकंड की भी देरी करते या बेटे को नहीं खींचते तो कुत्ता उसे बुरी तरह चीर-फाड़ देता। बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे करीब 50 टांके लगे।
इसके बाद से बच्चा सदमे में है। इसी मकान में रहने वाले पड़ोसी दीपक अवस्थी ने बताया कि कुत्ते के मालिक (किराएदार) को इस घटना से पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी। मोहल्ले वालों ने उन्हें स्पष्ट कहा था कि कुत्ते को नीचे अपने पास छोटी चेन से बांधकर रखें। इसके बावजूद, मालिक ने लापरवाही बरतते हुए अक्सर कुत्ते को लंबी चेन के सहारे खुला छोड़ दिया। इसी लापरवाही का नतीजा आज इस मासूम बच्चे को भुगतना पड़ा। हैरत की बात यह है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, कुत्ते का मालिक घर पर मौजूद नहीं था।
परिवार को लगातार समझा रहे पड़ोसी दीपक अवस्थी का कहना है कि वे परिवार को लगातार समझा रहे हैं कि ढोलेवाल चौकी में इसकी आधिकारिक शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि भविष्य में किसी अन्य बच्चे के साथ ऐसा हादसा न हो। हालांकि, आगे की कोई भी कानूनी कार्रवाई परिवार की रजामंदी के बाद ही तय की जाएगी।

