Last Updated: October 17, 2026

Dainik Savera Times Logo

पेट्रोल पंप पर विवाद के बाद हवाई फायरिंग, 4 हथियारबंद साथियों के साथ लौटकर कार में की तोड़फोड़

September 1, 2026

पेट्रोल पंप पर विवाद के बाद हवाई फायरिंग, 4 हथियारबंद साथियों के साथ लौटकर कार में की तोड़फोड़

लुधियाना: आरती चौक के पास कुबेर पेट्रोल पंप पर देर रात ईंधन भरवाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर हवा में गोली चला दी। गोलीबारी के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद वह चार अन्य हथियारबंद लोगों के साथ पेट्रोल पंप पर दोबारा पहुंचा और वहां खड़ी एक कार में तोड़फोड़ की। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

टैगोर नगर निवासी और कुबेर पेट्रोल पंप के मालिक राजू शर्मा ने इस संबंध में डिवीजन नंबर-8 पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राजू शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पेट्रोल पंप 24 घंटे खुला रहता है। 29-30 अगस्त की दरम्यानी रात पंजाब नंबर की वोक्सवैगन वेंटो कार (PB04AE4914) डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंची थी। कर्मचारी की गलती से कार में डीजल की जगह पेट्रोल भर दिया गया। इसी बात को लेकर कार चालक और पंप मैनेजर के बीच विवाद हो गया।

इसी दौरान दिल्ली नंबर का एक वाहन (DL1CR6500) भी पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचा। वेंटो चालक ने पंप कर्मचारियों पर लापरवाही और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए दिल्ली नंबर वाले वाहन में ईंधन भरने का विरोध किया। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान दिल्ली नंबर वाले वाहन में बैठे एक व्यक्ति ने पिस्तौल निकाल ली और हवा में फायर कर दिया। गोली चलने से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग अपने-अपने वाहनों के साथ मौके से चले गए।

बताया जा रहा है कि करीब 3:30 बजे दिल्ली नंबर वाले वाहन से जुड़ा व्यक्ति दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचा। इस बार उसके साथ चार अन्य लोग भी थे, जिनके हथियारबंद होने का आरोप है। आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर खड़ी पंजाब नंबर की वोक्सवैगन वेंटो कार में तोड़फोड़ की और इसके बाद मौके से फरार हो गए। पेट्रोल पंप मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी और सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाया। पुलिस फुटेज के आधार पर गोली चलाने वाले व्यक्ति और उसके साथियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

जांच अधिकारी एवं चौकी प्रभारी घुमार मंडी एएसआई देविंदर पाल ने भी घटनास्थल का दौरा किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज, दिल्ली नंबर वाले वाहन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें