Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

फगवाड़ा में AAP नेता के घर पर हुई फायरिंग, मांगी 5 करोड़ की फिरौती

November 27, 2025

फगवाड़ा में AAP नेता के घर पर हुई फायरिंग, मांगी 5 करोड़ की फिरौती

पंजाब डेस्क: फगवाड़ा के नज़दीकी एक गांव में बीती रात कुछ अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने आम आदमी पार्टी के नेता और युद्ध नशा विरोधी सेल के कोऑर्डिनेटर दलजीत राजू दरवेश के घर पर गोलियों की बौछार कर दी। घटना के बाद बदमाश मौके से 5 करोड़ रुपये की फिरौती से जुड़ी धमकी भरी चिट्ठियां फेंककर फरार हो गए।

आधी रात चला गोलियों का तूफ़ान

सूत्रों के अनुसार वारदात रात करीब 1 बजे हुई। गांव के सरपंच और राजू दरवेश के करीबी लोगों ने बताया कि दो हमलावर आधुनिक 45 बोर की पिस्टल से लगातार फायरिंग करते दिखाई दिए। पुलिस ने मौके से कुल 16 खाली कारतूस बरामद किए हैं। CCTV फुटेज में दोनों हमलावर बार-बार मैगज़ीन बदलते और बिना रुके गोलियां दागते नजर आ रहे हैं, जिससे हमले की गंभीरता का अंदाज़ लगाया जा सकता है।

‘राजा काला गैंग’ का नाम लेकर छोड़ी धमकी

भागते समय हमलावर घर के बाहर चार पर्चियां फेंक गए। इन पर ‘राजा काला गैंग’ और ‘5 करोड़’ जैसे शब्द लिखे मिले, जिन्हें पुलिस ने सबूत के तौर पर कब्ज़े में ले लिया है। शुरुआती जांच में यह फिरौती और धमकी से जुड़ा मामला लग रहा है।

पुलिस ने बनाई विशेष टीमें

घटना के तुरंत बाद SHO सदर और उनकी पूरी टीम सक्रिय हो गई। आसपास के सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जबकि एसपी फगवाड़ा ने हमलावरों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: धर्मेंद्र के निधन के बाद हेमा मालिनी का पहला पोस्ट आया सामने, लिखी ये इमोशनल बात

कौन हैं दलजीत राजू दरवेश?

दलजीत राजू फगवाड़ा और आसपास की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा माने जाते हैं। उन्होंने कांग्रेस में रहते हुए जिला कपूरथला के प्रधान के रूप में काम किया था। बाद में वे आम आदमी पार्टी में शामिल हुए और पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह मान तथा सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल के नज़दीकी सहयोगी माने जाते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें