Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

फिल्लौर पुलिस ने चेक पोस्ट पर कार से 19.50 लाख रुपये की नकदी के साथ 3 लोगों को किया गिरफ्तार

July 24, 2024

फिल्लौर पुलिस ने चेक पोस्ट पर कार से 19.50 लाख रुपये की नकदी के साथ 3 लोगों को किया गिरफ्तार

जालंधर: फिल्लौर पुलिस ने हाई-स्पीड चेक पोस्ट के दौरान 19.50 लाख रुपये के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी फिरोजपुर कैंट के रहने वाले हैं। इनकी पहचान अमित कुमार पुत्र जैलेश चंद, अनिल कुमार पुत्र लछमन दास और दीपक कोहली पुत्र लछमन दास के रूप में हुई है। सभी आरोपियों से बरामद नकदी की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है।

फिल्लौर थाने के एसएचओ सुखदेव सिंह ने बताया कि बीती रात उनकी पुलिस पार्टी ने जालंधर पानीपत हाईवे पर फिल्लौर के पास नाकाबंदी की हुई थी। रात करीब 11 बजे पुलिस ने चेक पोस्ट पर (PB-05-AR-0472) नंबर की एक सफेद रंग की वैगनआर कार को चेकिंग के लिए रोका। कार की तलाशी के दौरान उसमें एक बैग मिला और बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई।

नकदी मिलने पर नाके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत मौके पर वीडियोग्राफी शुरू कर दी और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत नकदी को कब्जे में ले लिया और उनसे नकदी के दस्तावेज दिखाने को कहा। तीनों नकदी के संबंध में कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके। थाने में जब बैग से निकाली गई नकदी की गिनती की गई तो वह 19,50,455 रुपये निकली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार तीनों लोग जब नकदी के कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए तो तुरंत आयकर विभाग के उच्च अधिकारियों से बात कर मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद आयकर विभाग के अधिकारी टीपी सिंह द्वारा आगे की जांच शुरू की गई। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है कि उक्त पैसा कहां से आया और किसे दिया जाना था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें