लुधियाना: पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉरपोरेशन के डायरेक्टर डॉ. सुनील बंसल ने खन्ना सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर यहां मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अस्पताल पहुंचने पर एसएमओ डॉ. मनिंदर सिंह भसीन और स्टाफ ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बंसल ने इमरजेंसी, जनरल वार्ड, सर्जरी वार्ड, जच्चा-बच्चा केंद्र और दवा स्टोर समेत अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों से भी बातचीत की और इलाज के साथ-साथ अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में उनकी राय जानी।
इसके बाद उन्होंने एसएमओ, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ बैठक की। बैठक में अस्पताल में रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या, इलाज की व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। डॉ. बंसल ने अस्पताल की मौजूदा कार्यप्रणाली पर संतोष जताते हुए मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मीडिया से बातचीत में डॉ. बंसल ने कहा कि खन्ना सिविल अस्पताल की सेवाएं अच्छी तरह चल रही हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। अस्पताल में सुविधाओं को और मजबूत करने को लेकर एसएमओ के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई है।
खन्ना सिविल अस्पताल में एमआरआई सुविधा शुरू करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिला स्तर के सिविल अस्पतालों में एमआरआई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि खन्ना अस्पताल को एमआरआई मशीन की जरूरत है तो अस्पताल प्रशासन लिखित प्रस्ताव भेज सकता है। प्रस्ताव मिलने के बाद विभाग इस पर उचित स्तर पर विचार करेगा।
इस मौके पर ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. करनप्रीत कौर, सर्जन डॉ. इंद्रप्रीत सिंह, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राघव अग्रवाल, डॉ. जगदीप बराड़ समेत डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

