Site icon Dainik Savera Times

अब सचिन पायलट ने की ‘कैप्टन’ की तारीफ, क्या हैं इसके मायने

Pilot Praises Captain, Return Buzz Grows : जालंधर। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में संभावित वापसी को लेकर सियासी चर्चाएं फिर तेज हो गई हैं। पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कैप्टन की तारीफ करते हुए उन्हें बड़े कद का नेता बताया और कहा कि राजनीति में कुछ भी संभव है।

पायलट ने स्पष्ट किया कि कैप्टन से उनकी राजनीतिक भविष्य की योजनाओं को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यह महज एक राजनीतिक बयान है या पंजाब कांग्रेस में भविष्य के किसी नए समीकरण की संभावना? फिलहाल कैप्टन की भाजपा के प्रति प्रतिबद्धता और कांग्रेस नेतृत्व के साथ उनके पुराने संबंध इस चर्चा को और दिलचस्प बना रहे हैं। हाल ही में समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में सचिन पायलट से जब पूछा गया कि कैप्टन क्या कांग्रेस में आ सकते हैं? इस सवाल के जवाब में सचिन पायलट ने कहा कि राजनीति में कुछ भी हो सकता है।

जब उनसे पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में लौटने की संभावना के बारे में पूछा गया तो पायलट ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब की अच्छी सेवा की है और वह बहुत बड़े कद के नेता हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि कैप्टन अमरिंदर से उनकी राजनीतिक योजनाओं को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। पायलट ने पीटीआई से कहा कि मैंने उनसे व्यक्तिगत रूप से इस बारे में बात नहीं की है कि किसी पार्टी में शामिल होने या छोड़ने को लेकर उनकी भविष्य की क्या योजनाएं हैं।

इससे पहले पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब के मामलों को लेकर भाजपा की सार्वजनिक रूप से आलोचना की थी और कहा था कि पार्टी में उनसे पूछकर फैसले नहीं लिए जाते। तो क्या ऐसे में कांग्रेस सिर्फ राजनीतिक अटकलों पर ध्यान दे रही है या फिर पुराने कप्तान की पार्टी में वापसी हो सकती है? और अगर वे वापस आते हैं, तो राज्य इकाई में उनकी क्या भूमिका होगी। ये सब सोचने वाले तथ्य हैं। छात्रों के साथ इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी एनीथिंग’ (मुझसे कुछ भी पूछें) सेशन के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी से पूछा गया कि भाजपा में उनका पसंदीदा नेता कौन है? राहुल गांधी ने कहा, “कैप्टन अमरिंदर सिंह, बिल्कुल। मेरी उनके साथ अच्छी बनती है, वे बहुत कूल हैं और सैन्य इतिहास के जानकार हैं, इसलिए मैं उन्हें काफी पसंद करता हूं।”

राहुल के बारे में क्या सोचते हैं?

पूर्व मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि गांधी परिवार के साथ उनके निजी रिश्ते बने रहेंगे, लेकिन राजनीतिक रूप से वे भाजपा के प्रति प्रतिबद्ध हैं। एक साक्षात्कार में वह राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी को अभी भी पसंद करते हैं, लेकिन उन्होंने निजी रिश्तों और राजनीति को अलग-अलग रखा है। उन्होंने कहा, “गांधी परिवार के साथ मेरे निजी संबंध हमेशा बने रहेंगे, लेकिन राजनीतिक रूप से मैं बीजेपी के प्रति प्रतिबद्ध हूं।

ये है कैप्टन का राजनीतिक अनुभव

कांग्रेस में कैप्टन अमरिंदर सिंह का रिकॉर्ड कई दशकों का रहा है। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में उनके दो कार्यकाल शामिल हैं। साल 2002 से 2007 तक और 2017 से 2021 तक। साल 2017 के विधानसभा चुनाव मेंउनके नेतृत्व में कांग्रेस ने पंजाब की 117 में से 77 सीटें जीतीं और एक दशक बाद सत्ता में वापसी की।

Exit mobile version