Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘खेडां वतन पंजाब दीयां-2026’ में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, हॉकी में दोआबा खालसा स्कूल ने जीता खिताब

October 1, 2026

‘खेडां वतन पंजाब दीयां-2026’ में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, हॉकी में दोआबा खालसा स्कूल ने जीता खिताब

जालंधर: पंजाब में खेलों को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से चल रहे ‘खेड़ां वतन पंजाब दीयां-2026’ के तहत जिला स्तरीय मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह बाजवा ने बताया कि हॉकी के अंडर-14 लड़कियों के मुकाबलों में दोआबा खालसा स्कूल ने पहला स्थान हासिल किया। धनोवाली स्कूल दूसरे और सुरजीत सोसाइटी तीसरे स्थान पर रही।

अंडर-21 लड़कियों की हॉकी प्रतियोगिता में खालसा कॉलेज फॉर वुमन ने शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज फॉर वुमन उपविजेता रहा। 21 से 30 वर्ष आयु वर्ग की महिला हॉकी प्रतियोगिता में भी खालसा कॉलेज फॉर वुमन ने पहला स्थान प्राप्त किया।

बैडमिंटन में कड़े मुकाबले

बैडमिंटन के अंडर-21 लड़कों के फाइनल में दानिश भनौट ने अनीश भारद्वाज को 15-9 और 15-12 के अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। 21 से 30 वर्ष आयु वर्ग में आशू कुमार ने रिशांत सिद्धू को मात दी। अंडर-14 लड़कियों के वर्ग में मायरा चोपड़ा विजेता रहीं, जबकि 41 से 50 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष मुकाबले में विकास खन्ना ने पहला स्थान हासिल किया।

कुश्ती और हैंडबॉल में भी खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

कुश्ती की विभिन्न श्रेणियों में सोनाली, मनप्रीत/सुमन और अमृतपाल वरियाणा ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में अंडर-14 लड़कियों के वर्ग में हैंडबॉल कोचिंग सेंटर दुसांझ कला विजेता रहा। अंडर-17 लड़कियों के वर्ग में भी हैंडबॉल कोचिंग सेंटर ने पहला स्थान प्राप्त किया। लड़कों के मुकाबले में सरकारी हाई स्कूल नुस्सी ने बाजी मारी। जिला खेल अधिकारी गुरप्रीत सिंह बाजवा ने सभी विजेता खिलाड़ियों और टीमों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें